JMM विधायक रामदास सोरेन ने ली मंत्री पद की शपथ, चंपई सोरेन की ली जगह

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

शुक्रवार, 30 अगस्त 2024 (11:56 IST)
Ramdas Soren took oath as minister : झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के विधायक रामदास सोरेन (Ramdas Soren) ने शुक्रवार को रांची में  हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार में मंत्री पद की शपथ ग्रहण की। घाटशिला के विधायक ने राज्य मंत्रिमंडल में पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन (Champai Soren) की जगह ली है।
 
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने यहां राजभवन में आयोजित एक समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (Hemant Soren), झामुमो नीत गठबंधन के वरिष्ठ नेताओं और कई सरकारी अधिकारियों की मौजूदगी में रामदास सोरेन को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

ALSO READ: चंपई की चाल, झारखंड विधानसभा चुनाव में किसको पहुंचाएंगी फायदा?
 
चंपई सोरेन ने बुधवार को इस्तीफा दे दिया था : चंपई सोरेन ने बुधवार को मंत्री और विधायक पद से इस्तीफा दे दिया था जिसके बाद रामदास सोरेन को राज्य मंत्रिमंडल में शामिल किया गया। चंपई आज दोपहर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होंगे। चंपई ने दावा किया था कि राज्य सरकार की वर्तमान कार्यशैली और नीतियों ने उन्हें उस पार्टी को छोड़ने के लिए मजबूर किया जिसकी उन्होंने कई वर्षों तक सेवा की।

ALSO READ: कोलकाता से दिल्ली पहुंचे चंपई सोरेन, गरमाई झारखंड की सियासत
 
जनवरी में गिरफ्तार किया था हेमंत सोरेन को : प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेता हेमंत सोरेन (48) को जनवरी में मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के कुछ ही देर बाद गिरफ्तार कर लिया था जिसके बाद 2 फरवरी को चंपई झारखंड के मुख्यमंत्री बने। हेमंत सोरेन के जमानत पर रिहा होने के बाद चंपई ने जुलाई को मुख्यमंत्री पद छोड़ दिया था और 4 जुलाई को सोरेन ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।
 
चंपई ने 28 अगस्त को राज्य विधानसभा के सदस्य और झारखंड के मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। पार्टी प्रमुख शिबू सोरेन को लिखे पत्र में वरिष्ठ आदिवासी नेता ने कहा कि झामुमो की वर्तमान कार्यशैली से व्यथित होकर उन्हें पद छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी