'गूगल बॉय' कौटिल्य पंडित को मिली 25 लाख की स्कॉलरशिप, जानिए लंदन जाकर करेंगे किस विषय की पढ़ाई

WD Feature Desk

शुक्रवार, 29 अगस्त 2025 (18:00 IST)
kautilya pandit got scholarship for oxford : जब बात असाधारण प्रतिभा की होती है, तो हरियाणा के करनाल से आने वाले कौटिल्य पंडित का नाम सबसे पहले आता है। जिस बच्चे को दुनिया ने पांच साल की उम्र में 'गूगल बॉय' के रूप में जाना, वो आज अपनी मेहनत और लगन से एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करने जा रहे हैं। 17 वर्षीय कौटिल्य को ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में पढ़ाई करने के लिए ₹25 लाख की स्कॉलरशिप मिली है।

कौन हैं 5 साल की उम्र में 'गूगल बॉय' बनने वाले कौटिल्य
कौटिल्य की पहचान बचपन से ही एक विलक्षण प्रतिभा के तौर पर हो गई थी। जब उनकी उम्र सिर्फ 5 साल थी, तब उन्हें दुनिया के विभिन्न देशों की राजधानियां, उनकी मुद्राएं, जनसंख्या और भौगोलिक जानकारी जुबानी याद थीं। उनकी इस असाधारण स्मृति और सामान्य ज्ञान ने उन्हें रातों-रात 'गूगल बॉय' बना दिया। उनकी इस प्रतिभा ने उन्हें अमिताभ बच्चन के लोकप्रिय शो 'कौन बनेगा करोड़पति' में भी पहुंचाया, जहां उनकी बुद्धिमत्ता ने सबको हैरान कर दिया।

ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में पढ़ेंगे मास्टर ऑफ फिजिक्स
कौटिल्य अब अपनी आगे की पढ़ाई इंग्लैंड की प्रतिष्ठित ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से करेंगे। यह स्कॉलरशिप न केवल उनकी बुद्धिमत्ता का प्रमाण है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि सही दिशा और कड़ी मेहनत से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी विश्व की सबसे पुरानी और सबसे सम्मानित शैक्षणिक संस्थानों में से एक है। यहां से कई नोबेल पुरस्कार विजेता, वैज्ञानिक और राजनेता अपनी पढ़ाई पूरी कर चुके हैं। इस प्रतिष्ठित संस्थान में दाखिला मिलना ही अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है।

12वीं पास के बाद अब इंग्लैंड की यूनिवर्सिटी से पढ़ाई करेंगे। कौटिल्य महज 17 साल की उम्र में इंग्लैंड की ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से मास्टर ऑफ फिजिक्स की पढ़ाई करने जा रहे हैं। वह ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से ब्रह्मांड विज्ञान (कॉस्मोलॉजी), प्लाज्मा फिजिक्स, डार्क मैटर, पार्टिकल थ्योरी और AI फॉर ह्यूमैनिटी में रिसर्च करेंगे।

युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा
कौटिल्य पंडित की यह यात्रा हर युवा के लिए एक प्रेरणा है। उन्होंने साबित कर दिया है कि प्रतिभा सिर्फ जन्मजात नहीं होती, बल्कि उसे सही पोषण और दिशा देने की भी जरूरत होती है। कौटिल्य की सफलता पर उनके परिवार और पूरे देश को गर्व है।
ALSO READ: कौन हैं राधिकाराजे गायकवाड़, फोर्ब्स ने कहा 'भारत की सबसे खूबसूरत महारानी', दुनिया के सबसे बड़े महल में है निवास
 

 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी