मोदी के मंत्री ने ममता की तुलना किम जोंग उन से की

शनिवार, 8 जून 2019 (09:19 IST)
पटना। केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने शुक्रवार को कहा कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अपने राजनीतिक विरोधियों का दमन करने के लिए उसी तरह की क्रूरता पर उतर आई हैं, जैसा कि उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन करते हैं। साथ ही, उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी सरकार की उलटी गिनती शुरू हो गई है।
 
गिरिराज केन्द्रीय मंत्री बनने के बाद पार्टी के राज्य मुख्यालय में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि ममता बनर्जी के लिए उलटी गिनती शुरू हो गई है। आसन्न हार के भय ने उन्हें कुंठित कर दिया है। जिस प्रकार का बर्ताव वह अपने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों के साथ कर रही है, वह हमें किम जोग उन की याद दिलाता है।
 
इस बीच, ममता ने हुगली जिले में तृणमूल कांग्रेस के संगठनात्मक खामियों पर विचार किया, जहां पार्टी को लोकसभा चुनाव में भारी झटका लगा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को अंदरूनी कलह के खिलाफ चेतावनी दी। ममता ने गद्दारों से पार्टी छोड़ने को कहा। 
 
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने शुक्रवार को भारतीय क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी की जमकर प्रशंसा करते हुए उन्हें सच्चा देशभक्त बताया। दरअसल, धोनी के विकेट कीपिंग दस्ताने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है, जिस पर एक ‘लोगो’ है जो सशस्त्र बल के एक प्रतीक चिह्न जैसा है। (भाषा) 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी