नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने कहा कि भारत पाकिस्तान से आने वाले आतंकवाद का शिकार है और पाकिस्तानी मंत्री के उन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया कि भारत पड़ोसी देश में अशांति फैला रहा है। उन्होंने कहा, भारतीय बल कभी भी बिना उकसावे के किसी पर गोली नहीं चलाते।
गृह राज्य मंत्री ने कहा, 'भारत और अफगानिस्तान दोनों पाकिस्तान से आने वाले आतंकवाद के पीड़ित हैं।' रिजिजू का यह बयान पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ की उस टिप्पणी के एक दिन बाद आया है जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि पाकिस्तान में अशांति फैलाने के लिए भारत और अफगानिस्तान ने हाथ मिला लिया है।