हरियाणा में भूस्खलन से 4 लोगों की मौत, गृहमंत्री शाह ने जताया दुख, CM खट्टर से की बात

शनिवार, 1 जनवरी 2022 (17:23 IST)
भिवानी (हरियाणा)। हरियाणा में भिवानी जिले के डाडम में खनन के दौरान पहाड़ का बड़ा हिस्सा ढहने से 4 लोगों की मौत हो गई। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भूस्खलन की इस घटना पर दुख जताया और मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से हादसे के बारे में बात की।

अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कुछ और भी लोगों के मलबे में दबे होने की आंशका है।मलबे में चार खनन मशीन समेत कई अन्य वाहन भी दब गए हैं। अधिकारी ने बताया कि तोशाम पुलिस थाने के अंतर्गत डाडम गांव में सुबह करीब आठ बजे खनन कार्य के दौरान पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा अचानक से ढह गया, जिसकी वजह से वहां खड़ी करीब आधा दर्जन पोपलैंड मशीनें व डंपर दब गए। उन्होंने बताया कि प्रशासन मलबे से लोगों को निकालने के लिए राहत और बचाव कार्य कर रहा है।

पुलिस प्रशासन ने पहाड़ दरकने वाले स्थान पर लोगों के जाने पर पाबंदी लगा दी है। घटना की सूचना मिलने के बाद कृषि मंत्री जेपी दलाल भी घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को राहत कार्य में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरतने के आदेश दिए।

भिवानी से लोकसभा सदस्य धर्मबीर सिंह भी मौके पर पहुंच गए हैं। उपायुक्त आरएस ढिल्लो और पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत, सीटीएम हरबीर सिंह भी मौके पर मौजूद हैं। प्रत्यक्षदर्शी व पिंजोखरा गांव निवासी चालक सतपाल ने बताया कि संभलने का मौका ही नहीं मिला, अचानक घटना हुई और चारों तरफ धूल का गुब्बार उठा जिससे कुछ नजर नहीं आ रहा था।

उन्होंने बताया कि धमाके के साथ गिरे पत्थर से उसका डंपर भी करीब 20 फुट आगे खिसक गया। सतपाल ने कहा कि उन्हें यकीन नहीं हो रहा कि वह जिंदा हैं। घटनास्थल पर मौजूद खानक निवासी जसवंत ने बताया, खनन स्थल पर शनिवार सुबह चार पोपलैंड मशीनें और चार डंपर मौजूद थे, मैं भी वहीं अपने डंपर में था। करीब साढ़े नौ बजे अचानक धूल का गुब्बार उठा और जोरदार धमाके के साथ पहाड़ से बड़े-बड़े पत्थर आकर गिरने लगे, यह करीब दो मिनट चला। लगा जैसे कि अब कुछ नहीं बचेगा।

हरियाणा के मुख्यमंत्री ने कहा कि वह इस घटना को लेकर जिला प्रशासन के निरंतर संपर्क में है। उन्होंने ट्वीट किया, भिवानी के डाडम खनन क्षेत्र में भूस्खलन की घटना से दुखी हूं। मैं लगातार स्थानीय प्रशासन के संपर्क में हूं, ताकि तेजी से बचाव अभियान सुनिश्चित किया जा सके और घायलों की तत्काल सहायता की जा सके।

उल्लेखनीय है कि तोशाम क्षेत्र के डाडम में पत्थर का खनन होता है और करीब दो महीने की रोक के बाद बृहस्पतिवार को ही राष्ट्रीय हरित अधिकरण ने दोबारा खनन की मंजूरी दी थी और शुक्रवार को खनन का कार्य शुरू हुआ था।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने जताया दुख, मुख्यमंत्री से की बात : केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने हरियाणा के भिवानी जिले में एक खनन स्थल पर हुए भूस्खलन की घटना पर शनिवार को दुख जताया और राज्य के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से हादसे के बारे में बात की।

शाह ने एक ट्वीट में कहा, हरियाणा के भिवानी जिले में खनन स्थल पर भूस्खलन से हुआ हादसा अत्यंत दुःखद है, मैंने मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर जी से बात की है। स्थानीय प्रशासन बचाव कार्य में लगा हुआ है, अधिक से अधिक लोगों की जान बचाना हमारी प्राथमिकता है। मैं घायलों के शीघ्र ही स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

पुलिस ने बताया कि तोशाम ब्लॉक में भूस्खलन होने के बाद करीब आधा दर्जन डंपर (ट्रक) और कुछ मशीन मलबे के नीचे दब गई।(भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी