हल्की से मध्यम बारिश से मौसम का मिजाज बदलता रहा : दूसरी ओर बीच-बीच में बादलों ने भी रंग बदला और हल्की से मध्यम बारिश से मौसम का मिजाज बदलता रहा। लेकिन अब फरवरी महीने की शुरुआत थोड़ी नर्म मौसम के साथ होने वाली है। हालांकि आईएमडी ने अगले 5 दिन तक पश्चिमी विक्षोभ के असर से बादल छाए रहने और बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कहीं तेज हवाएं तो कहीं आंधी परेशान करेगी।
दिल्ली में 2019 के बाद सबसे गर्म जनवरी दर्ज : राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के साथ ही यह 2019 के बाद से जनवरी का सबसे गर्म दिन रहा। इस महीने का औसत अधिकतम तापमान 21.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो दीर्घावधि औसत (एलपीए) 20.1 डिग्री सेल्सियस से 1 डिग्री अधिक था जिससे 2019 के बाद से दिल्ली की सबसे गर्म जनवरी दर्ज की गई।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के आंकड़ों के अनुसार रात का तापमान भी सामान्य से अधिक रहा। महीने का औसत न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो एलपीए 7.5 डिग्री सेल्सियस से 1 डिग्री अधिक है और 2017 के बाद से सबसे अधिक है। 2017 में यह 8.7 डिग्री सेल्सियस था। मौसम विज्ञानियों ने जनवरी माह के सामान्य से अधिक गर्म होने का कारण मजबूत पश्चिमी विक्षोभ की अनुपस्थिति को बताया, जो आमतौर पर बारिश लाता है और तापमान को कम करता है।
पिछले 24 घंटों की मौसमी हलचल : पिछले 24 घंटों के दौरान तमिलनाडु में छिटपुट हल्की बारिश हुई। पूर्वी असम, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मणिपुर और त्रिपुरा में हल्की से मध्यम बारिश हुई। गिलगित, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और जम्मू-कश्मीर के ऊपरी इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी हुई। पूर्वी और उत्तरी राजस्थान, उत्तरप्रदेश, बिहार और छत्तीसगढ़ के अलग-अलग हिस्सों में घने से बहुत घना कोहरा छाया रहा।
आईएमडी के अनुसार 1 से 5 फरवरी तक पंजाब, दिल्ली से लेकर राजस्थान और मध्यप्रदेश में बारिश की संभावना है, दूसरी ओर पहाड़ों पर भारी हिमपात भी हो सकता है। पंजाब, हरियाणा, केरल, लक्षद्वीप और नगालैंड के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। देश के उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भागों में न्यूनतम तापमान अधिक बढ़ सकता है।(Photo courtesy: IMD)