Weather Update: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार मई माह में हुई बारिश के बाद तापमान (temperature) सामान्य है, लेकिन सोमवार, 12 मई से फिर से तापमान बढ़ने की संभावना है। यह तापमान 40 डिग्री से ऊपर पहुंच सकता है। पूर्वानुमान के अनुसार आज दिल्ली (Delhi) में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। हल्की बारिश (light rain) होने की संभावना है। कभी-कभार हवाओं की गति 10 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। अधिकतम तापमान 37 और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री तक रह सकता है।
दिल्ली-एनसीआर का मौसम : आज दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री रह सकता है। इसके बाद 12 मई से कुछ इलाकों में तापमान 40 डिग्री के स्तर पर पहुंच सकता है। 12 मई को अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री तक रह सकता है। 13 से 15 मई तक अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री रह सकता है। हालांकि लू की स्थिति 15 मई तक नहीं आएगी।
मध्यप्रदेश और राजस्थान बदलेगा मौसम : उत्तर-पूर्व राजस्थान, उत्तर-पश्चिम मध्यप्रदेश और दिल्ली में निचले स्तर पर एक चक्रवाती क्षेत्र बना हुआ है। इसके चारों ओर हवाएं धीमी गति से चल रही हैं। साथ ही पूर्व पश्चिम दिशा में बना एक ट्रफ दिल्ली से थोड़ा दक्षिण की ओर बना हुआ है।
IMD का बारिश, बिजली और तेज हवा का अलर्ट : भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार देश के उत्तर-पश्चिमी और मध्य हिस्सों में आने वाले 5 दिनों तक गरज के साथ बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना बनी हुई है। इसके तहत कई राज्यों के लिए मौसम से जुड़े अलर्ट जारी किए गए हैं। इनमें दिल्ली, राजस्थान, मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश शामिल हैं।
पूर्वोत्तर भारत का मौसम : मौसम विभाग ने 11 मई तक असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड और मणिपुर जैसे पूर्वोत्तर राज्यों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में भारी बारिश, गरज और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें और जब तक आवश्यक न हो, घर से बाहर न निकलें।
चक्रवाती परिसंचरण : पश्चिमी विक्षोभ वर्तमान में ईरान के ऊपर समुद्र तल से 3.1 किमी की ऊंचाई पर एक चक्रवाती परिसंचरण के रूप में सक्रिय है। यह परिसंचरण समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर तक फैला हुआ है। यह मध्य और ऊपरी क्षोभमंडल में पश्चिमी हवाओं से जुड़ा हुआ है। यह प्रणाली लगभग 29° उत्तरी अक्षांश के उत्तर में और 59° देशांतर के साथ एक निम्न दबाव की रेखा के रूप में सक्रिय है। दक्षिण-पश्चिम मध्यप्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से 1.5 से 7.6 किमी ऊपर चक्रवाती परिसंचरण है।
उत्तर-पूर्व राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों में चक्रवाती परिसंचरण है। पूर्व मध्य अरब सागर से दक्षिण-पश्चिम मध्यप्रदेश के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण तक एक निम्न दबाव की रेखा कोंकण और उत्तर और मध्य महाराष्ट्र से होकर समुद्र तल से 1.5 से 5.8 किमी ऊपर तक फैला हुआ है। उत्तर-दक्षिण तेलंगाना से एक निम्न दबाव की रेखा रायलसीमा और तमिलनाडु से होते हुए मन्नार की खाड़ी तक फैली हुई है। चक्रवाती परिसंचरण पूर्वोत्तर असम पर है। दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी और उससे सटे दक्षिणी अंडमान सागर पर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। दक्षिण-पश्चिमी मानसून के 13 मई के आसपास दक्षिणी अंडमान सागर और दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी और निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने की संभावना है।
पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में हुई मौसमी हलचल : पिछले 24 घंटे के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हुई। सिक्किम, उपहिमालयी पश्चिम बंगाल, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, राजस्थान, गुजरात, उत्तरी कोंकण और गोवा, उत्तरी मध्य महाराष्ट्र, ओडिशा, छत्तीसगढ़, आंध्रप्रदेश, आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, बिहार और उत्तरप्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ीं। गंगा के तटीय पश्चिम बंगाल, केरल, विदर्भ, मराठवाड़ा और पूर्वी मध्यप्रदेश में हल्की बारिश हुई। पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 3 से 6 डिग्री की गिरावट आई।
आज शनिवार के मौसम की संभावित गतिविधि : स्काईमेट वेदर (skymetweather) के अनुसार आज शनिवार, 10 मई को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश के साथ 1 या 2 स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र, गुजरात, दक्षिणी राजस्थान, तमिलनाडु, रायलसीमा में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।
पूर्वी राजस्थान, हरियाणा, उत्तरी पंजाब, उत्तरप्रदेश, दक्षिणी छत्तीसगढ़ और तटीय आंध्रप्रदेश में हल्की बारिश और गरज के साथ 1 या 2 बार मध्यम बौछारें पड़ सकती हैं। उत्तरप्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और दिल्ली एनसीआर के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और गरज के साथ छींटें पड़ सकते हैं।