Weather Update: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे देश के मौसम में तेजी से बदलाव देखा जा रहा है। लेकिन अगले कुछ दिनों तक उत्तर भारत के मौसम में कोई खास बदलाव नहीं देखा जाएगा। 17 फरवरी के बाद हल्की बारिश की संभावना है। राजस्थान में तापमान में बढ़ोतरी होगी और यूपी में अगले कुछ दिनों में बारिश की संभावना है। दिल्ली में भी हवाओं में कमी आएगी।
दिल्ली में तेज हवाएं : राजधानी दिल्ली में पिछले 2 दिनों से तेज हवाएं चल रही हैं। हवाओं की वजह से गर्मी से हल्की राहत मिली है। लेकिन अब कल से हवा कम होने लगेगी। हवाओं की गति 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है, वहीं अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री तक रह सकता है।
राजस्थान में तापमान बढ़ा : राजस्थान के ज्यादातर हिस्सों में अधिकतम तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हुई है। सर्वाधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य तापमान से 4.6 डिग्री सेल्सियस अधिक है। मौसम केंद्र के प्रवक्ता ने बताया कि आगामी दिनों में कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 17 से 20 फरवरी के दौरान राज्य के उत्तरी व पश्चिमी हिस्सों में बादल छाए रहने व कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है।
पूर्वोत्तर असम और आसपास के क्षेत्रों में चक्रवाती परिसंचरण बना : पूर्वोत्तर असम और आसपास के क्षेत्रों में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। 17 फरवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में प्रवेश करेगा। पश्चिमी हिमालय और उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों के ऊपर सब-ट्रॉपिकल वेस्टरली जेट स्ट्रीम सक्रिय है जिसमें 12.6 किमी की ऊंचाई पर हवाओं की गति 130 से 140 नॉट तक है।
आज शनिवार के मौसम की संभावित गतिविधि : स्काईमेट वेदर (skymetweather) के अनुसार आज शनिवार, 15 फरवरी को उत्तर-पश्चिमी दिशा से तेज हवाएं गंगा के मैदानी इलाकों में चलती रहेंगी। अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। सिक्किम, असम, मेघालय और नागालैंड में छिटपुट हल्की बारिश हो सकती है। उत्तर-पश्चिम भारत और उत्तरप्रदेश में अगले 2 दिनों में न्यूनतम तापमान और गिर सकता है।(Photo courtesy: IMD)