Weather Update: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की मानें तो अप्रैल महीने के आखिरी पड़ाव पर गर्मी (heat wave) अपने चरम पर है। आईएमडी (IMD) ने 9 राज्यों में लू के कहर का अनुमान जताया है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हीट वेव यानी लू का अलर्ट जारी किया गया है। देश के कई राज्यों में पारा 40 के पार पहुंच चुका है।
आईएमडी के अनुसार उत्तर-पश्चिमी बिहार के ऊपर हवाओं का एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है तो वहीं गल्फ ऑफ मन्नार (तमिलनाडु) में भी एक ऐसी ही मौसमी गतिविधि बनी हुई है। नॉर्थ-ईस्ट के मणिपुर और असम में भी ऐसी ही गतिविधि बनी हुई। इसके प्रभाव में कई राज्यों में तेज आंधी और हल्की बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है। नॉर्थ-ईस्ट के राज्यों जैसे कि असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में अगले 24 घंटे में बारिश की संभावना है अन्य नॉर्थ ईस्ट के राज्यों में बारिश की संभावना है।
22-25 अप्रैल के दौरान बिहार में अलग-अलग स्थानों पर, 22-24 अप्रैल के दौरान ओडिशा में, 22 और 23 अप्रैल को पूर्वी उत्तरप्रदेश में तथा 23 और 24 अप्रैल को पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी क्षेत्रों में रात में गर्म मौसम रहने की संभावना है। 23-26 अप्रैल के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, तटीय आंध्रप्रदेश और यनम, 23-24 अप्रैल के दौरान झारखंड, गुजरात, 23 अप्रैल को कोंकण और गोवा तथा 23-25 अप्रैल के दौरान मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा में गर्म और आर्द्र मौसम रहने की संभावना है।
उत्तर से दक्षिण दिशा में एक ट्रफ उत्तर छत्तीसगढ़ से लेकर मन्नार की खाड़ी तक फैला है, जो तेलंगाना, रायलसीमा और तमिलनाडु से होकर गुजरता है। पूर्वोत्तर असम के ऊपर भी एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। एक और पश्चिमी विक्षोभ 24 अप्रैल से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में पहुंचने की संभावना है।
पिछले 24 घंटों की देशभर में हुई मौसमी हलचल : पिछले 24 घंटे के दौरान सिक्किम और बांग्लादेश में हल्की से मध्यम बारिश हुई, कुछ स्थानों पर तेज वर्षा भी दर्ज की गई। पूर्वोत्तर भारत, दक्षिण तमिलनाडु, केरल, लक्षद्वीप, अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में हल्की से मध्यम बारिश हुई। विदर्भ और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में लू चली। अधिकतम तापमान हिमाचल, उत्तराखंड, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, पश्चिमी उत्तरप्रदेश, उत्तरी मध्यप्रदेश और तमिलनाडु में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया।
आज बुधवार के मौसम की संभावित गतिविधि : स्काईमेट वेदर (skymetweather) के अनुसार आज बुधवार, 23 अप्रैल को पूर्वोत्तर भारत में गरज-चमक और आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश, कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। कर्नाटक, तटीय आंध्रप्रदेश, रायलसीमा, केरल और तमिलनाडु में छिटपुट बारिश हो सकती है। 23 अप्रैल को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में हल्की बारिश संभव है। विदर्भ, तेलंगाना, दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश और उत्तर-पूर्वी मध्यप्रदेश में लू की स्थिति बनी रह सकती है।(Photo courtesy: IMD)