दिल्ली में दिल्ली में तापमान 34-37 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा : आईएमडी (IMD) के अनुसार राजधानी दिल्ली में 30-31 मार्च 2025 तक तापमान 34-37 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, वहीं न्यूनतम तापमान 15-17 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने वाला है। 1-2 अप्रैल 2025 तक गर्मी काफी बढ़ जाएगी। इसके अलावा राजधानी दिल्ली में 3-4 अप्रैल तक अधिकतम तापमान 38-39 डिग्री सेल्सियस तक रहने वाला है, वहीं न्यूनतम तापमान 22-26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचेगा।
इन जगहों पर हीटवेव का अलर्ट : 'स्काईमेट' के मुताबिक पिछले 2-3 दिनों में तेलंगाना, महाराष्ट्र, गुजरात, आंध्रप्रदेश और ओडिशा के कुछ इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर पहुंच रहा है। ओडिशा में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जो सामान्य से 4-5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। इन प्रदेशों में भीषण गर्मी को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। आने वाले दिनों में इन राज्यों में गर्मी अधिक मुसीबत बढ़ा सकती है।
पश्चिमी विक्षोभ निचले से ऊपरी क्षोभमंडल स्तर तक सक्रिय : पश्चिमी विक्षोभ निचले से ऊपरी क्षोभमंडल स्तर तक सक्रिय है जिसकी धुरी समुद्र तल से लगभग 5.8 किमी ऊंचाई पर 68° पूर्व देशांतर और 25° उत्तरी अक्षांश के उत्तर में स्थित है। एक चक्रवाती परिसंचरण मध्य पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों में बना हुआ है। उत्तर-दक्षिण ट्रफ रेखा उत्तरी-मध्य महाराष्ट्र से उत्तर केरल तक आंतरिक कर्नाटक होते हुए गुजर रही है। एक और चक्रवाती परिसंचरण उत्तर-पूर्व असम और आसपास के क्षेत्रों में 1.5 से 3.1 किमी समुद्र तल से ऊपर स्थित है।
आज शनिवार के मौसम की संभावित गतिविधि : स्काईमेट वेदर (skymetweather) के अनुसार आज शनिवार, 29 मार्च (Saturday, March 29) को गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, लद्दाख और जम्मू-कश्मीर में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी जारी रह सकती है। हिमाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश, केरल और दक्षिणी कर्नाटक के तटीय इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।