Weather Update: देश के कई राज्यों में तापमान 47 से 48 डिग्री के पार पहुंचा, IMD ने जारी किया लू का अलर्ट

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

शुक्रवार, 24 मई 2024 (09:00 IST)
Weather Update: गर्मी के तेवर दिन-पर-दिन तेज से तेजतर होते जा रहे हैं। देश के कई राज्यों में तापमान 47 से 48 डिग्री के पार पहुंच गया है। इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 23 मई से 26 मई तक कई राज्यों में लू चलने का अलर्ट जारी किया है।
 
अलर्ट के अनुसार 23 से 26 मई के बीच पश्चिमी राजस्थान के अधिकांश हिस्सों, पंजाब के कुछ हिस्सों, हरियाणा-चंडीगढ़, पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी मध्यप्रदेश और पश्चिमी उत्तरप्रदेश और उत्तर के अलग-अलग हिस्सों में लू या भीषण लू चलने की आशंका है। मध्यप्रदेश के इंदौर शहर में पारा रिकॉर्ड 44.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। राज्य के अन्य नगर भी भीषण गर्मी से तप रहे हैं।

ALSO READ: Weather Update : राजस्थान में गर्मी का कहर, हीट स्ट्रोक से 5 की मौत, बाड़मेर में पारा 48 के पार, IMD ने जारी किया रेड अलर्ट
 
इन राज्यों के लिए ऑरेंज अलर्ट : आईएमडी ने इसके अलावा मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और गुजरात के लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है। कल गुरुवार को राजस्थान के बाड़मेर, मध्यप्रदेश के गुना और हरियाणा के सिरसा में अधिकतम तापमान 48 डिग्री सेल्सियस शामिल था। IMD की मौसम रिपोर्ट के अनुसार 26 मई तक हिमाचल प्रदेश, जम्मू संभाग, गुजरात और मध्यप्रदेश में हीटवेव की स्थिति का अनुमान है, वहीं उत्तरप्रदेश में 24 से 26 मई तक और महाराष्ट्र में 25 मई तक लू चलने की आशंका है।

ALSO READ: Jammu-Kashmir : जम्मू में प्रचंड गर्मी ने तोड़ा रिकॉर्ड, 5 से 15 घंटों की बिजली कटौती निकाल रही है जान
 
धार, उज्जैन सहित प्रदेश के 5 शहरों में लू चली : मध्यप्रदेश में गुरुवार को सबसे अधिक 46.6 डिग्री तापमान गुना में दर्ज किया गया। रतलाम में तीव्र लू रही। धार, गुना, उज्जैन एवं खंडवा भी लू की चपेट में रहे। भोपाल में इस सीजन का सर्वाधिक 44.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक शुक्रवार को कुछ और शहरों में लू चल सकती है।
 
दिल्ली में लू का रेड अलर्ट : देश की राजधानी दिल्ली की बात करें तो मौसम विभाग ने दिल्ली में लू का रेड अलर्ट जारी किया है। पिछले करीब हफ्तेभर से दिल्ली में भीषण गर्मी से लोग को परेशान हैं। हालांकि 2 दिन से राजधानी में तेज हवाएं चल रही हैं। हवाओं की वजह से तापमान में हल्की गिरावट हुई है, लेकिन अभी भी गर्मी काफी ज्यादा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 7 दिनों तक दिल्ली वालों को लू से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।

केरल में मूसलधार बारिश : केरल में 22 मई को मूसलधार बारिश हुई। इसके कारण 4 लोगों की मौत हो गई, घरों और सड़कों पर पानी भर गया जबकि कम से कम 5 जिलों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
 
बंगाल की दक्षिणी खाड़ी के कुछ हिस्सों, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के शेष हिस्सों, पूर्वी केंद्र बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अच्छी बनती जा रही हैं। दक्षिण-पश्चिम और इससे सटे पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना एक निम्न दबाव उत्तर-पूर्व दिशा में बढ़ गया है।

ALSO READ: Weather Update : भीषण गर्मी से जूझ रहे उत्तर भारत के कई हिस्से, दिल्ली के नजफगढ़ में पारा 47 पार
 
संबंधित चक्रवाती परिसंचरण औसत समुद्र तल से 7.6 किमी ऊपर तक फैला हुआ है। इस चक्रवाती परिसंचरण के उत्तर-पूर्व दिशा में बढ़ने और 24 मई की सुबह तक बंगाल की खाड़ी के मध्य भागों पर एक डिप्रेशन में केंद्रित होने की संभावना है। यह उत्तर-पूर्व दिशा में आगे बढ़ना जारी रख सकता है। इसके बाद तीव्र होकर 25 मई की शाम तक उत्तर-पूर्व और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में पहुंच सकता है।
 
दक्षिण-पूर्वी राजस्थान पर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र : दक्षिण-पूर्वी राजस्थान पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। एक ट्रफ रेखा दक्षिण-पूर्व राजस्थान पर बने चक्रवाती परिसंचरण से मध्यप्रदेश के मध्य भागों से होते हुए झारखंड तक फैली हुई है। एक उत्तर-दक्षिण ट्रफ दक्षिण-पूर्व राजस्थान पर चक्रवाती परिसंचरण से लेकर दक्षिण-पश्चिम मध्यप्रदेश गुजरते हुए पूर्वी विदर्भ तक फैली हुई है। एक चक्रवाती परिसंचरण बांग्लादेश और उससे सटे पश्चिम बंगाल के ऊपर समुद्र तल से 3.1 से 5.8 किमी ऊपर है। दक्षिण केरल के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण औसत समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर तक फैला हुआ है।
 
आज के मौसम की संभावित गतिविधि : स्काईमेट वेदर (Skymet Weather) के अनुसार आज शुक्रवार को केरल, लक्षद्वीप और अंडमान निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है।
 
तेलंगाना, कर्नाटक, तमिलनाडु, दक्षिणी छत्तीसगढ़, दक्षिणी कोंकण और गोवा और पूर्वोत्तर भारत में हल्की से मध्यम बारिश संभव है। पश्चिमी हिमालय, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, विदर्भ और मराठवाड़ा में हल्की बारिश संभव है। राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, उत्तरप्रदेश, राजस्थान और मध्यप्रदेश में लू की स्थिति बन सकती है।(Photo courtesy: IMD)
 
Edited by: Ravindra Gupta

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी