मनोहर पर्रिकर को लोकसभा अध्यक्ष ने दी श्रद्धांजलि, कहा गोवा और देश ने खो दिया एक सितारा

रविवार, 17 मार्च 2019 (22:48 IST)
नई दिल्ली। लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने रविवार को गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर के निधन पर शोक जताते हुए उन्हें अत्यंत ईमानदार, कर्मठ, सोच और इरादों से संकल्पित नेता बताया।
 
महाजन ने ट्वीट किया है, ‘गोवा के माननीय मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर के निधन का समाचार अत्यंत व्यथित करने वाला है। मनोहरजी के ऊर्जावान, ईमानदार कर्मठ व्यक्तित्व को सादगी, सच्चाई, सोच, संकल्प, सतत कार्यों के लिए हमेशा याद किए जाएगा।’
 
उन्होंने लिखा है, ‘बीमारी की परवाह न करके अंतिम क्षण तक काम करने वाला व्यक्तित्व। एक अत्यंत ईमानदार, कर्मठ, सोच और इरादों से संकल्पित नेतृत्व। गोवा और देश ने आज एक सितारा खो दिया।’
 
महाजन ने लिखा है, ‘जब मनोहरजी मुंबई के निजी अस्पताल में भर्ती थे, तो मैं उनसे मिलने गई थी। तब गंभीर बीमारी से लड़ते समय भी देश के लिए काम करते रहने की इच्छाशक्ति उन्होंने व्यक्त की थी।’ 
 
उन्होंने कहा कि आज देश की राजनीति ने अपना एक सितारा खो दिया। गोवा के मुख्यमंत्री, देश के पूर्व रक्षामंत्री को हम हमेशा याद रखेंगे। ईश्वर से उनके लिए, परिजनों के लिए हृदय से प्रार्थना। ॐ शांति! 
 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी