भारतीय जनता पार्टी के मुख्यालय में 'मोदी-मोदी' का जयघोष

रविवार, 12 मार्च 2017 (22:24 IST)
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में भारी जनसमर्थन मिलने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी  का आज यहां पार्टी मुख्यालय में जोरदार अभिनंदन  किया।
             
मोदी के पार्टी कार्यालय में पहुंचने पर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, पार्टी के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह, वेंकैया नायडू तथा कुछ अन्य नेताओं उनकी अगवानी की। प्रवेश द्वार पर पहुंचते ही  मोदी पर गुलाब की पंखुरियों की वर्षा की गई और हजारों की संख्या में मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं ने 'मोदी-मोदी' का जयघोष करके पूरे वातावरण को गुंजायमान कर दिया। मोदी ने हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। 
       
प्रधानमंत्री ने पार्टी मुख्यालय पहुंचकर सबसे पहले पार्टी के संस्थापकों में रहे पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यापर्ण करके उन्हें श्रद्धांजलि दी। बाद में शाह ने मंच पर मोदी को गुलदस्ता भेंट औपचारिक तौर पर उनका स्वागत किया। संसदीय बोर्ड के सदस्यों ने भी विशाल माला पहनाकर उनका अभिनन्दन किया।
        
मोदी अपने सरकारी निवास से वाहनों के काफिलें से आए लेकिन पार्टी मुख्यालय से कुछ पहले ही वाहन से उतर गए और सड़क के किनारे घंटों से खड़े लोगों का अभिवादन किया तथा पैदल ही पार्टी मुख्यालय पहुंचे। मुख्यालय के बाहर भी बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद थे और ढोल-नगाड़ों के साथ अपने नेता के स्वागत में खड़े थे। (वार्ता) 

वेबदुनिया पर पढ़ें