NIA ने बिहार में पीएफआई के 3 संदिग्ध सदस्यों को किया गिरफ्तार

Webdunia
शनिवार, 4 फ़रवरी 2023 (12:59 IST)
पटना। राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम ने पूर्वी चंपारण जिले के चकिया अनुमंडल क्षेत्र से प्रतिबंधित पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) संगठन के 3 संदिग्ध सदस्यों को शनिवार सुबह हिरासत में लिया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। इस संबंध में और अधिक गिरफ्तारियों से इंकार नहीं किया जा सकता है।
 
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (मुख्यालय) जेएस गंगवार ने कहा कि बिहार पुलिस की मदद से एनआईए की टीम ने पीएफआई के 3 संदिग्ध सदस्यों को पकड़ा। राज्य पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों की संयुक्त पूछताछ के लिए उन्हें हिरासत में लिया गया है। इस संबंध में और अधिक गिरफ्तारियों से इंकार नहीं किया जा सकता है।
 
गृह मंत्रालय ने पिछले साल सितंबर में आतंकवादी समूहों से संबंध रखने और विध्वंसक गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में पीएफआई और उससे जुड़े संगठनों पर 5 साल के लिए प्रतिबंध लगा दिया था। एनआईए ने पिछले साल देश के विभिन्न हिस्सों से पीएफआई से जुड़े करीब 350 लोगों को गिरफ्तार किया है।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta

सम्बंधित जानकारी

अगला लेख