Budget 2024 : वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण बनाएंगी अनोखा रिकॉर्ड, इस बार क्यों खास होगा यह बजट

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

रविवार, 21 जुलाई 2024 (17:15 IST)
Nirmala Sitharaman is ready to create history with the 7th consecutive budget : वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण मंगलवार को वित्त वर्ष 2024-25 के लिए अपना लगातार सातवां बजट पेश करके इतिहास रचने वाली हैं। इस तरह वह पूर्व प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई का रिकॉर्ड तोड़ देंगी। हालांकि सबसे अधिक बार बजट पेश करने का रिकॉर्ड अब भी देसाई के पास ही है।
 
सीतारमण अगले महीने 65 वर्ष की हो जाएंगी। उन्हें 2019 में भारत की पहली पूर्णकालिक महिला वित्तमंत्री बनाया गया था। इसी साल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने केंद्र में लगातार दूसरी बार सरकार बनाई थी। तब से सीतारमण ने इस साल फरवरी में एक अंतरिम सहित लगातार छह बजट पेश किए हैं।
ALSO READ: बजट से 8 बड़ी उम्मीदें, क्या निर्मला सीतारमण देंगी इन पर ध्यान?
वित्त वर्ष 2024-25 (अप्रैल, 2024 से मार्च, 2025) का पूर्ण बजट उनका लगातार सातवां बजट होगा। वह देसाई के रिकॉर्ड से आगे निकल जाएंगी, जिन्होंने 1959 से 1964 के बीच लगातार पांच पूर्ण बजट और एक अंतरिम बजट पेश किया था। स्वतंत्र भारत में बजट पेश करने से जुड़े कुछ तथ्य इस प्रकार हैं। स्वतंत्र भारत का पहला आम बजट 26 नवंबर, 1947 को देश के पहले वित्तमंत्री आरके शनमुखम चेट्टी ने पेश किया था।
 
पूर्व प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई ने प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और बाद में प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के कार्यकाल में वित्तमंत्री के तौर पर कुल 10 बजट पेश किए हैं। पूर्व वित्तमंत्री पी चिदंबरम ने नौ मौकों पर बजट पेश किया। प्रणब मुखर्जी ने वित्तमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान आठ बजट पेश किए।
ALSO READ: Budget 2024 : बजट में राजकोषीय घाटा लक्ष्य घटाकर 5 प्रतिशत कर सकती है सरकार
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने 1991 से 1995 के बीच लगातार पांच बार बजट पेश किया, जब वह पीवी नरसिम्हा राव सरकार में वित्तमंत्री थे। सबसे लंबा बजट भाषण सीतारमण ने एक फरवरी, 2020 को दो घंटे 40 मिनट का दिया। वर्ष 1977 में हीरूभाई मुलजीभाई पटेल का अंतरिम बजट भाषण अब तक का सबसे छोटा भाषण है, जिसमें केवल 800 शब्द हैं।
ALSO READ: दिल्ली की वित्तमंत्री ने केंद्रीय बजट पर उठाए सवाल, आतिशी ने केंद्र सरकार से की यह डिमांड
बजट पारंपरिक रूप से फरवरी के आखिरी दिन शाम पांच बजे पेश किया जाता है। वर्ष 1999 में समय बदला गया था और अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में तत्कालीन वित्तमंत्री यशवंत सिंह ने सुबह 11 बजे बजट पेश किया। तब से बजट सुबह 11 बजे पेश किया जाता है। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी