Nitin Gadkari News : केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बृहस्पतिवार को कहा कि मोदी सरकार लोकसभा तथा विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए प्रतिबद्ध है। मोदी सरकार के 11 वर्षों के कार्यकाल को देश के इतिहास में बहुत महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि इससे पहले के 60 वर्षों में विभिन्न क्षेत्रों में जो नहीं हो सका, उसे वर्तमान सरकार ने हासिल किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 11 वर्ष पूरे होने पर उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस वर्ष के अंत तक देश की लॉजिस्टिक्स लागत घटकर 9 प्रतिशत पर आ जाएगी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 11 वर्ष पूरे होने पर उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस वर्ष के अंत तक देश की लॉजिस्टिक्स लागत घटकर 9 प्रतिशत पर आ जाएगी, जिससे निर्यात को बढ़ावा मिलेगा तथा कारोबार और उद्योगों के विकास में मदद मिलेगी।
महिला आरक्षण के मुद्दे पर पूछे गए एक सवाल के जवाब में गडकरी ने कहा, महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देना हमारी प्रतिबद्धता है और हमने इस संबंध में निर्णय भी लिया है। सितंबर 2023 में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने महिला आरक्षण विधेयक (नारी शक्ति वंदन अधिनियम) को अपनी मंजूरी दी थी, जिसका उद्देश्य लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान करना है। ऐसी खबरें हैं कि मोदी सरकार 2029 के लोकसभा चुनावों से पहले महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू कर सकती है।
उन्होंने देश में सड़क अवसंरचना विकास पर आईआईएम बैंगलोर, आईआईटी कानपुर और आईआईटी चेन्नई द्वारा किए गए एक अध्ययन का हवाला दिया, जिसमें कहा गया है कि देश की लॉजिस्टिक्स लागत जो पहले 16 प्रतिशत थी, वह घटकर 10 प्रतिशत हो गई है। उन्होंने इसे एक बेहतर उपलब्धि बताया और कहा कि इससे देश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की वृद्धि में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा, हमारे देश की लॉजिस्टिक्स लागत 16 प्रतिशत थी, जबकि चीन की आठ प्रतिशत और अमेरिका तथा यूरोपीय देशों की 12 प्रतिशत थी। अध्ययन के अनुसार, सड़क क्षेत्र में किए गए कार्यों के कारण देश की लॉजिस्टिक्स लागत में चार से छह प्रतिशत की कमी आई है...। उन्होंने कहा कि पालघर जिले में विकसित किया जा रहा वधावन बंदरगाह, चार हजार करोड़ रुपए की लागत से प्रस्तावित आठ लेन वाली सड़क के निर्माण के साथ दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा कंटेनर बंदरगाह बन जाएगा।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिखकर सरकार पर वर्तमान के बारे में बात न करके 2047 के सपने बेचने का आरोप लगाने के बारे में पूछने पर गडकरी ने कहा, सरकार सपने नहीं दिखा रही है, बल्कि अपने द्वारा किए गए कार्यों के बारे में बात कर रही है...। भाजपा नेता ने मजाकिया अंदाज में कहा, आप राहुल जी को गंभीरता से क्यों लेते हैं? प्रधानमंत्री को बहुत से लोग पत्र लिखते हैं। क्या आप नहीं लिखते? (भाषा)
Edited By : Chetan Gour