दिल्ली में राहुल गांधी से मिले नीतीश कुमार, 50 मिनट की बातचीत में मिशन 2024 पर बनी सहमति!

सोमवार, 5 सितम्बर 2022 (21:59 IST)
नई दिल्ली। मिशन 2024 के लिए सभी विपक्षी पार्टियों को एकजुट करने का संकल्प लेकर निकले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात कर ली है। बताया जा रहा है कि दोनों नेताओं के बीच करीब 50 मिनट तक बातचीत हुई है। खबरों के अनुसार बैठक में नीतीश कुमार ने बिहार सरकार को कांग्रेस के समर्थन के लिए राहुल गांधी का आभार माना।
 
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से यहां मुलाकात की।
 
सूत्रों का कहना है कि दोनों नेताओं ने मौजूदा राजनीतिक हालात और विपक्षी एकजुटता की दिशा में आगे बढ़ने को लेकर बात की।
 
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का साथ छोड़ने और राष्ट्रीय जनता दल, कांग्रेस एवं वाम दलों के साथ मिलकर बिहार में सरकार बनाने के बाद नीतीश पहली बार दिल्ली पहुंचे हैं।
 
जनता दल (यूनाइटेड) के शीर्ष नेता ने यहां स्थित राहुल गांधी के आवास पर पहुंचकर उनसे मुलाकात की।
 
कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल के जरिये दोनों नेताओं की मुलाकात की तस्वीर साझा करते हुए ट्वीट किया कि आज बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राहुल गांधी से उनके दिल्ली निवास पर मुलाकात की।

भाजपा से अलग होने के बाद नीतीश कुमार 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए विपक्षी दलों को एकजुट करने का प्रयास कर रहे हैं और विपक्षी नेताओं से उनकी मुलाकात को इसी से जोड़कर देखा जा रहा है।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी