Weather Updates: अब होने लगा हल्की-हल्की ठंड का एहसास, पहाड़ों पर हल्की-हल्की बर्फबारी शुरू

शुक्रवार, 28 अक्टूबर 2022 (08:24 IST)
नई दिल्ली। बरसात की विदाई के साथ ही मौसम करवट बदलने लगा है। देश के कई राज्यों में अब सुबह-शाम मौसम में परिवर्तन हो रहा है, लोगों को हल्की-हल्की ठंड का एहसास होने लग गया। अक्टूबर के अंत और नवंबर के पहले हफ्ते में लोगों के घरों में रजाई और कंबल का प्रयोग होने लग जाएगा। पहाड़ों पर हल्की-हल्की बर्फबारी शुरू हो गई है।
 
मौसम विभाग का कहना है कि हिमाचल, लद्दाख, कश्मीर और उत्तराखंड में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है और यहां पर तापमान में तेजी से गिरावट होगी। कई जगहों पर मौसम शुष्क रहेगा और न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी।
 
यूपी, बिहार, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और पंजाब-हरियाणा में आज दिन में मौसम साफ ही रहेगा तो वहीं देर रात कहीं-कहीं हल्का कोहरा नजर आएगा। जहां साउथ वेस्ट मानसून की देश से विदाई हो गई है, वहीं उत्तर-पूर्व मानसून 29 अक्टूबर को कर्नाटक और तमिलनाडु में दस्तक दे सकता है।
 
बंगाल की खाड़ी और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत दक्षिणी भाग के ऊपर आर्द्र उत्तर पूर्वी हवाओं की स्थापना के साथ 29 अक्टूबर से तटीय आंध्रप्रदेश और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में पूर्वोत्तर मानसून की बारिश शुरू होने की उम्मीद है। पश्चिम-मध्य और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी पर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। दक्षिण आंतरिक कर्नाटक से लेकर तमिलनाडु होते हुए दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक निचले स्तरों पर एक निम्न दबाव की रेखा बनी हुई है।
 
पिछले 24 घंटों की मौसमी हलचल : स्काईमेट के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान दक्षिण तमिलनाडु में एक या दो भारी बारिश के साथ हल्की बारिश हुई। अरुणाचल प्रदेश और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की बारिश के साथ एक या दो स्थानों पर मध्यम बारिश हुई।
 
उत्तरी तटीय तमिलनाडु असम और मेघालय में छिटपुट हल्की बारिश हुई। पंजाब, राजस्थान के कुछ हिस्सों और ओडिशा और सुराष्ट्र और कच्छ में एक या दो स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री नीचे रहा। तटीय आंध्रप्रदेश और तमिलनाडु में एक या दो स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री अधिक रहा। दिल्ली और एनसीआर की वायु गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में रही।
 
अगले 24 घंटों के दौरान मौसम की संभावित गतिविधि : अगले 24 घंटों के दौरान तमिलनाडु और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के तटीय क्षेत्रों में पर हल्की बारिश के साथ एक या दो स्थानों पर मध्यम बारिश संभव है। असम और अरुणाचल प्रदेश में छिटपुट हल्की बारिश हो सकती है। दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक और बहुत खराब श्रेणी में रहेगा। 31 अक्टूबर की रात तक पश्चिमी हिमालय के पास एक नया पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है।
 
Edited by: Ravindra Gupta

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी