Pahalgam terrorist attack : पहलगाम हमले के बाद भारत और पाकिस्तान में तनाव बढ़ता जा रहा है। भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ 5 बड़े फैसले लिए हैं। अब पाकिस्तानी मीडिया में खबरें हैं कि भारत ने बिना किसी पूर्व सूचना के झेलम नदी (Jhelum River) में अधिक पानी छोड़ दिया। इसके कारण पीओके के मुजफ्फराबाद में अचानक भयंकर बाढ़ आ गई है। एक्स पर इसके वीडियो भी वायरल हो रहे हैं। पहलगाम में हुए आंतकी हमले के बाद मोदी सरकार ने 1960 में हुई सिंधु जल संधि स्थगित कर दी है।
भारत ने सिंधु जल संधि स्थगित करने के लिए आधिकारिक अधिसूचना भी जारी करदी है। अब नहीं देनी होगी बाढ़ की खबर सिंधु जल संधि के तहत दोनों देशों के जल आयुक्तों की सालाना बैठक होती थी, जो अब नहीं होगी। अब भारत, पाकिस्तान को नदियों का प्रवाह, बाढ़ की चेतावनी और ग्लेशियर पिघलने की जानकारी देने के लिए बाध्य नहीं है।
पानी का हथियार के रूप में इस्तेमाल
क्या कहा पाकिस्तानी मीडिया ने पाकिस्तानी मीडिया ने आरोप लगाया कि भारत पानी को हथियार के रूप में इस्तेमाल कर रहा है। पाकिस्तानी मीडिया का दावा है कि झेलम नदी में पानी भारत के अनंतनाग से घुसा और चकोठी क्षेत्र से होकर बह गया। चकोठी में पानी की मात्रा में अचानक और असामान्य वृद्धि देखी गई, जिससे नदी के किनारे बसे गांवों में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत बनी हुई है।
7 से 8 फुट बढ़ा पानी का स्तर
स्थिति खराब होने के बाद मुजफ्फराबाद प्रशासन ने वॉटर इमरजेंसी का ऐलान किया है। अचानक झेलम नदी में पानी छोड़ने से मुजफ्फराबाद के पास पानी का स्तर तेजी से बढ़ गया। मीडिया खबरों के मुताबिक मस्जिदों में ऐलान कर स्थानीय लोगों को चेतावनी दी जा रही है।