सैनिकों की मौत पर राजनीति, विपक्ष का लोकसभा से वॉकआउट

बुधवार, 30 नवंबर 2016 (12:24 IST)
नई दिल्ली। कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस एवं वामदलों ने मंगलवार को जम्मू कश्मीर में एक सैन्य शिविर पर आतंकवादियों के हमले में शहीद जवानों को आज लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही श्रद्धांजलि देने की मांग की और सदन से वाकआउट किया। सरकार ने कहा कि विपक्ष को जवानों से जुड़े ऐसे संवेदनशील विषय पर राजनीति नहीं करनी चाहिए।
 
लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने कहा कि मैं हमेशा ही ऐसा करती हूं। चूंकि अभी सेना का तलाशी अभियान जारी है, ऐसे में पूरी जानकारी प्राप्त होने के बाद ही श्रद्धांजलि दी जाएगी और इसे विवाद का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए।
 
आज सदन की कार्यवाही शुरू होने पर सदन में कांग्रेस के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि जम्मू कश्मीर में आतंकी हमले में सेना के जवान शहीद हो गए। उन्हें श्रद्धांजलि दी जाए। कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस और वामदलों के सदस्यों ने जवानों को श्रद्धांजलि दिए जाने की मांग की। जब विपक्षी सदस्य यह मांग कर रहे थे तब सदन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मौजूद थे।
 
अध्यक्ष ने कहा कि वह हमेशा ही विभिन्न मौकों पर श्रद्धांजलि उल्लेख करती हैं। इस बारे में भी एक बार पूरी स्थिति स्पष्ट हो जाए, क्योंकि अभी वहां तलाशी अभियान चल रहा है, इसके बाद श्रद्धांजलि उल्लेख करेंगे।
 
उन्होंने कहा, 'इसे विवाद का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए। इस तरीके से इस विषय पर व्यवहार करना ठीक नहीं है, जवानों के विषय पर ऐसा नहीं किया जाना चाहिए। यह दुखद है।' हालांकि, कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में उनकी पार्टी के सदस्यों के साथ तृणमूल कांग्रेस और वामदलों के सदस्यों ने सदन से वाकआउट किया। (भाषा) 

वेबदुनिया पर पढ़ें