जमशेदपुर में PM मोदी बोले, कांग्रेस को विकास का क, ख, ग भी नहीं मालूम

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

रविवार, 19 मई 2024 (12:01 IST)
PM Modi in Jamshedpur : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड के जमशेदपुर में कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा पर जमकर हमला किया। उन्होंने दावा कि कांग्रेस और जेएमएम वालों को विकास का क, ख, ग... भी नहीं मालूम है। कांग्रेस के शहजादे आए दिन उद्योगों, उद्योगपतियों और निवेश का विरोध करते हैं। आने वाले दिनों में कौन उद्योगपति उनके राज्य में जाकर पूंजी निवेश करेगा? उन राज्यों के नौजवानों का क्या होगा?
 
प्रधानमंत्री ने कहा कि इनका तरीका है- झूठ बोलो, जोर से बोलो, बार-बार बोलो, इधर भी बोलो-उधर भी बोलो। इनके मुद्दे हैं- गरीब की संपत्ति का एक्स-रे करेंगे, उसे छीनेंगे, SC-ST-OBC का आरक्षण छीनेंगे, मोदी जी को रोज नई-नई गालियां देंगे। इससे आगे ये सोच ही नहीं सकते हैं।
 
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी उद्यम करने वालों को देश का दुश्मन मानती है। उसके नेता खुलेआम कहते हैं, जो कारोबारी हमें पैसा नहीं देते, हम उन पर हमला करते हैं। यानी कांग्रेस और जेएमएम जैसे दलों को देश के उद्योगों से मतलब नहीं है।
 
उन्होंने कहा कि सामान्य लोगों को गरीब रखकर कांग्रेस और जेएमएम ने अपने घरों में काली कमाई का अंबार लगा रखा है। कांग्रेस और जेएमएम जैसी पार्टियों ने हमारे झारखंड को हर मौके पर लूटा है। कांग्रेस भ्रष्टाचार की जननी है।
 
जेएमएम ने झारखंड में जमीन घोटाला किया। इन्होंने गरीब आदिवासियों की जमीनें हड़पीं, सेना की जमीनें हड़पीं। इनके घरों से जो नोटों के पहाड़ बरामद हुए हैं, वे पैसे आपके हैं। मोदी इन बेईमानों के ठिकानों से पैसा बरामद करवा रहा है। मैं इन पैसों को सरकार की तिजोरी में ले जाने के लिए बरामद नहीं कर रहा हूं। मैं रास्ता खोज रहा हूं, ये सारे पैसे जिनके हैं, मैं उन गरीबों को इसे लौटाऊंगा। ये मोदी की गारंटी है।
 
उन्होंने कहा कि कांग्रेस जैसे दलों ने कभी आपकी परवाह नहीं की। इन लोगों ने 60 साल तक गरीबी हटाओ का झूठा नारा दिया। ये मोदी है, जिसने 25 करोड़ गरीबों को गरीबी से बाहर निकाला।
Edited by : Nrapendra Gupta 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी