हिमाचल के लेपचा पहुंचे पीएम मोदी, जवानों संग मनाई दिवाली

रविवार, 12 नवंबर 2023 (10:29 IST)
PM Modi Diwali : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को हिमाचल प्रदेश के लेपचा में जवानों के साथ दिवाली मनाई। पीएम मोदी सोशल नेटवर्किंग साइट एक्स पर अपनी पोस्ट में यह जानकारी दी।
 
उन्होंने कहा कि बहादुर जवानों संग दिवाली मनाने के लिए हिमाचल प्रदेश के लेपचा पहुंचा। इसके साथ ही उन्होंने लेपचा से कुछ तस्वीरें भी शेयर की।
 
लेपचा जाने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दीपावली के अवसर पर एक्स पर पोस्ट कर लिखा, देश के अपने सभी परिवारजनों को दीपावली की ढेरों शुभकामनाएं। ये खास त्योहार आपके जीवन में खुशियां, समृद्धि और अच्छा स्वास्थ्य लाए।
 
प्रधानमंत्री मोदी 2014 से हर साल दिवाली अंतरराष्ट्रीय सीमा नियंत्रण रेखा या फिर वास्तविक नियंत्रण रेखा पर जवानों साथ मनाते आ रहे हैं।
 
प्रधानमंत्री ने साल 2014 में विश्व के सबसे ऊंचे युद्धक्षेत्र सियाचिन में दिवाली मनाई थी। पीएम मोदी ने वर्ष 2015 में पंजाब के अमृतसर और 2016 में हिमाचल प्रदेश के किन्नौर में सैनिकों संग दिवाली मनाई थी।
 
वर्ष 2017 में जम्मू कश्मीर के गुरेज में, 2018 में उत्तराखंड के केदारनाथ और वर्ष 2019 में जम्मू संभाग के राजोरी में उन्होंने सेना के जवानों के साथ दिवाली मनाई थी। 
 
प्रधानमंत्री ने वर्ष 2020 में दिवाली राजस्थान के जैसलमेर में, वर्ष 2021 में जम्मू संभाग के राजोरी जिला के नौशहरा में और वर्ष 2022 में केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के करगिल में दिवाली मनाई थी।
Edited by : Nrapendra Gupta 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी