Weather Update: देश के 19 राज्यों में भारी बारिश की संभावना, जानिए अन्य राज्यों में कैसा रहेगा मौसम

शुक्रवार, 8 सितम्बर 2023 (08:42 IST)
Weather Update: देशभर में मानसूनी बारिश (Monsoon rains) का दौर एक बार फिर से शुरू हो गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 3 दिनों के दौरान पश्चिम मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और गुजरात समेत 19 राज्यों में भारी बारिश (heavy rain) की संभावना जताई है। उत्तरप्रदेश और पूर्वी राजस्थान में शुक्रवार को भारी बारिश होने के आसार हैं।
 
देश के पूर्वी हिस्से में गरज और चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। गुरुवार को उत्तरप्रदेश समेत कई राज्यों में बारिश हुई। मौसम विभाग ने शुक्रवार को 19 राज्यों में जोरदार बारिश संभावना जताई है। इसके अगले 2 दिन यानी 9 और 10 सितंबर को भी 14 राज्यों में तेज बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है।
 
आईएमडी ने महाराष्ट्र के मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरि, धुले, जलगांव और नासिक जिले में येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 8 सितंबर को इन जिलों में भारी बारिश की संभावना है। गुरुवार को हुई बारिश के कारण मुंबई के लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली।
 
जी20 शिखर सम्मलेन में बारिश की संभावना : मौसम विभाग के अनुसार जी20 शिखर सम्मलेन के दौरान नई दिल्ली में बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने सम्मेलन स्थल भारत मंडपम् के आसपास 9-10 सितंबर को बारिश की संभावना जताई है। विभाग ने अलग से जी-20 बुलेटिन जारी किया। इसके अनुसार शुक्रवार को भी आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे जबकि 8 से 10 सितंबर के बीच तापमान 35-39 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा, वहीं न्यूनतम तापमान 26-28 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।
 
उत्तराखंड में देहरादून सहित 5 जिलों में शुक्रवार को बारिश की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से देहरादून, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिले में कहीं-कहीं बारिश और गर्जना का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा टिहरी, पौड़ी और चम्पावत जिले के कुछ इलाकों में भी हल्की बारिश हो सकती है।
 
मानसून ट्रफ जैसलमेर, उदयपुर, भोपाल, रायपुर और पुरी से होकर पूर्व दक्षिण-पूर्व की ओर पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी तक पहुंच रही है। दक्षिण आंतरिक ओडिशा और आसपास के क्षेत्रों पर चक्रवाती परिसंचरण अब दक्षिण छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्रों पर बना हुआ है, जो औसत समुद्र तल से 7.6 किमी ऊपर तक फैला हुआ है और ऊंचाई के साथ दक्षिण की ओर झुका हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ को पश्चिमी हवाओं में एक ट्रफ के रूप में देखा जाता है जिसकी धुरी समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर है। यह मोटे तौर पर 76 डिग्री पूर्व देशांतर के साथ 30 डिग्री उत्तर अक्षांश के उत्तर में चल रहा है।
 
आज के मौसम की संभावित गतिविधि : स्काईमेट के अनुसार आज शुक्रवार के दौरान मध्यप्रदेश, विदर्भ, कोंकण और गोवा, केरल, छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों, तेलंगाना, उत्तरी तटीय आंध्रप्रदेश, लक्षद्वीप और ओडिशा में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश संभव है।
 
बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, पूर्वी और मध्य उत्तरप्रदेश, पूर्वी राजस्थान, गुजरात क्षेत्र, मराठवाड़ा, उत्तर-पूर्व भारत, तटीय कर्नाटक, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश संभव है। पश्चिमी उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड, तमिलनाडु, रायलसीमा और दिल्ली और एनसीआर में 1 या 2 स्थानों पर हल्की बारिश संभव है।
 
Edited by: Ravindra Gupta

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी