हिंसाग्रस्त मणिपुर पहुंचे राहुल गांधी, कंगपोकपी में गोलीबारी

Webdunia
गुरुवार, 29 जून 2023 (12:52 IST)
Manipur Violence : हिंसाग्रस्त मणिपुर के कंगपोकपी जिले के हरओठेल गांव में गुरुवार सुबह कुछ बंदूकधारियों ने बिना किसी उकसावे के गोलीबारी की। इस बीच पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी आज 2 दिवसीय दौरे पर मणिपुर पहुंचे। वे यहां राहत शिविरों में हिंसा प्रभावित लोगों से मुलाकात करेंगे।
 
बताया जा रहा है कि हरओठेल गांव में सुबह करीब पौने छह बजे बंदूकधारियों ने बिना किसी उकसावे के गोलीबारी शुरू कर दी। असम राइफल्स के जवानों ने जवाबी कार्रवाई की और गोलीबारी अब थम चुकी है। मामले की जांच जारी है।
 
इस बीच पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पूर्वोत्तर के हिंसा प्रभावित राज्य मणिपुर के अपने दो दिवसीय दौरे के लिए गुरुवार को इंफाल पहुंचे। मणिपुर में हिंसा के बाद राहुल का यह पहला दौरा है। राहुल इंफाल से चुराचांदपुर जिले में जाएंगे, जहां वह राहत शिविरों में जातीय हिंसा के कारण विस्थापित हुए लोगों से मुलाकात करेंगे।
 
मणिपुर में इस साल मई में जातीय संघर्ष शुरू होने के बाद से 300 से अधिक राहत शिविरों में करीब 50,000 लोग रह रहे हैं।
 
गौरतलब है कि मणिपुर में मेइती और कुकी समुदाय के बीच मई की शुरुआत में भड़की जातीय हिंसा में 100 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। 
 
मणिपुर में अनुसूचित जनजाति का दर्जा देने की मेइती समुदाय की मांग के विरोध में तीन मई को पर्वतीय जिलों में ‘आदिवासी एकजुटता मार्च’ के आयोजन के बाद झड़पें शुरू हुई थीं। राज्य की 53 प्रतिशत आबादी मेइती समुदाय की है और यह मुख्य रूप से इंफाल घाटी में रहती है। वहीं, नगा और कुकी जैसे आदिवासी समुदायों की आबादी 40 प्रतिशत है और यह मुख्यत: पर्वतीय जिलों में रहती है।
Edited by : Nrapendra Gupta 

सम्बंधित जानकारी

अगला लेख