Weather Alert: अरुणाचल और यूपी में हुई वर्षा, पूर्वोत्तर भारत में तापमान सामान्य से ऊपर

शनिवार, 20 फ़रवरी 2021 (08:33 IST)
नई दिल्ली। जाती हुई शीत ऋतु का मौसम हर दिन अलग-अलग रंग दिखा रहा है। कहीं घना कोहरा छाया रहता है तो कहीं तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। अगले 24 घंटों के दौरान मौसम की हलचल और भी बढ़ सकती है तथा पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी मध्यप्रदेश, विदर्भ, मराठवाड़ा, तेलंगाना, कर्नाटक और आंध्रप्रदेश में भी कुछ स्थानों पर गर्जना के साथ बारिश देखने को मिल सकती है।
ALSO READ: Weather Alert: उत्तरी व पूर्वी राज्यों में घना कोहरा, जानिए कैसा रहेगा आज मौसम...
स्काईमेट के अनुसार इस समय हिमाचल प्रदेश और इससे सटे भागों के ऊपर एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र पश्चिमी राजस्थान के भागों के ऊपर दिखाई दे रहा है। एक अन्य चक्रवाती सिस्टम मध्यभारत में मध्य महाराष्ट्र के ऊपर हवाओं में दिखाई दे रहा है। इस चक्रवाती सिस्टम से आंतरिक कर्नाटक होते हुए केरल के तटीय भागों तक पहले की तरह ही एक ट्रफ रेखा सक्रिय है।
 
पिछले 24 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़, ओडिशा, मराठवाड़ा, विदर्भ, मध्य महाराष्ट्र, तेलंगाना, कर्नाटक और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश की गतिविधियां देखने को मिलीं। उत्तराखंड, तमिलनाडु, केरल, अंडमान व निकोबार द्वीप समूह, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश और उत्तरप्रदेश में हल्की वर्षा 1-2 स्थानों पर दर्ज की गई।
 
पंजाब, हरियाणा, उत्तर-पश्चिमी राजस्थान और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 1-2 स्थानों पर घना कोहरा छाया रहा। पश्चिमी हिमालयी राज्यों के अलावा, पश्चिमी राजस्थान, सौराष्ट्र और कच्छ तथा पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर बना रहा।
 
अगले 24 घंटों के दौरान पूर्वोत्तर भारत, सिक्किम, पश्चिम बंगाल, बिहार के पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी मध्यप्रदेश, विदर्भ, मराठवाड़ा, तेलंगाना, कर्नाटक और आंध्रप्रदेश में भी कुछ स्थानों पर गर्जना के साथ बारिश देखने को मिल सकती है।
 
मध्य महाराष्ट्र, अंडमान व निकोबार द्वीप समूह में भी 1-2 जगहों पर हल्की वर्षा का अनुमान है। उत्तर भारत में पहाड़ों पर गतिविधियां अगले 24 घंटों में शुरू हो सकती हैं। सबसे पहले बारिश और बर्फबारी जम्मू-कश्मीर, गिलगित, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और लद्दाख में देखने को मिलेगी। 24 घंटों के बाद मौसम की हलचल और बढ़ सकती है।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी