राजस्थान में कांग्रेस ने भाजपा को दी कड़ी टक्कर

शुक्रवार, 6 फ़रवरी 2015 (10:32 IST)
जयपुर। राजस्थान में हुए पंचायत चुनावों में सत्तारूढ़ भाजपा ने 13 जिला परिषदों में से सात पर जीत हासिल की है वहीं कांग्रेस ने कड़ी टक्कर देते हुए छह पर विजय प्राप्त की है।
 
भाजपा को 295 पंचायत समितियों में से 41 पर कामयाबी मिली है जबकि कांग्रेस ने 32 पर जीत हासिल की है। राज्य में तीन चरण में पंचायत चुनाव हुए थे।
 
राज्य चुनाव आयोग के एक प्रवक्ता ने बताया कि समितियों की 6,236 सीटों में से भाजपा को 937 सीटें मिली हैं जबकि कांग्रेस को 740 और बसपा को पांच सीटें मिली हैं। 124 सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार विजयी हुए हैं।
 
मतों की गिनती सुबह आठ बजे शुरू हुई। जिला परिषद के 1,014 वार्डों में से 174 में भाजपा के उम्मीदवार विजयी रहे हैं जबकि 144 पर कांग्रेस और तीन पर निर्दलीय उम्मीदवार विजयी रहे हैं।
 
भाजपा ने सात जिला परिषदों में जीत हासिल की है। इनमें चित्तौड़गढ़, बरन, झालावाड़, राजसमंद, टोंक, प्रतापगढ़ और सिरोही शामिल हैं। दूसरी ओर कांग्रेस ने कोटा, सवाई माधोपुर, जैसलमेर, करौली, कोटा और बूंदी जिला परिषदों में जीत हासिल की है।
 
आठ महीना पहले हुए लोकसभा चुनावों के बाद राज्य में यह विभिन्न दलों के लिए पहला बड़ा चुनावी परीक्षण था। भाजपा को लोकसभा चुनावों में राज्य की सभी 25 सीटों पर जीत मिली थी। पिछले साल सितंबर में चार विधानसभा सीटों के लिए हुए उपचुनाव में भाजपा को तीन सीटों पर हार का मुंह देखना पड़ा था। हालांकि नगर निकाय चुनावों में भाजपा को विपक्षी कांग्रेस पर बढ़त मिली थी। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें