Rekha Gupta's statement about Pravesh Verma: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने शनिवार को नई दिल्ली में कहा कि कैबिनेट सहयोगी प्रवेश वर्मा (Pravesh Verma) के साथ उनका रिश्ता भाई-बहन जैसा है। प्रवेश वर्मा दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत साहिब सिंह वर्मा (Sahib Singh Verma) के बेटे हैं। गुप्ता ने कहा कि इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि मुख्यमंत्री की कुर्सी किसके पास है। उन्होंने प्रवेश वर्मा के साथ मिलकर दिल्ली के लिए दिवंगत भाजपा नेता (साहिब सिंह वर्मा) के सपनों को पूरा करने का संकल्प लिया।
भाजपा ने आप के 10 साल के शासन को समाप्त कर दिया : भाजपा ने 5 फरवरी को हुए विधानसभा चुनाव में जीत हासिल कर अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी (आप) के 10 साल के शासन को समाप्त कर दिया और 26 साल से अधिक समय के बाद राजधानी में सरकार बनाई। 8 फरवरी को चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद प्रवेश वर्मा को मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे आगे माना जा रहा था।
हम भाई-बहन की तरह मिलकर काम करेंगे : गुप्ता ने कहा कि साहिब सिंह वर्मा के अधूरे काम को आगे बढ़ाने के लिए हम भाई-बहन की तरह मिलकर काम करेंगे। एक घटना को याद करते हुए गुप्ता ने कहा कि जब वे दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) की अध्यक्ष बनीं तो उस समय मुख्यमंत्री रहे साहिब सिंह ने उन्हें बधाई देने और प्रोत्साहित करने के लिए फोन किया था।
दीर्घकालिक विकास परियोजनाओं के लिए अपने पिता के दृष्टिकोण पर प्रकाश डालते हुए प्रवेश वर्मा ने कहा कि हमारा लक्ष्य ऐसे कार्य करना है, जो न केवल 5 वर्षों के लिए, बल्कि अगले 50 वर्षों के लिए लाभकारी हों। मुंडका गांव में 15 मार्च 1943 को जन्मे साहिब सिंह वर्मा 27 फरवरी 1996 से 12 अक्टूबर 1998 तक दिल्ली के चौथे मुख्यमंत्री के रूप में काम किया। उनका 30 जून 2007 को 64 वर्ष की आयु में निधन हुआ।(भाषा)