MP : आदिवासी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने वाली सावित्री ठाकुर मोदी सरकार में बनीं राज्यमंत्री

रविवार, 9 जून 2024 (22:48 IST)
Savitri Thakur became Minister of State in Modi Cabinet : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंत्रिमंडल में आज राज्यमंत्री की शपथ लेने वाली सावित्री ठाकुर के मन में आदिवासी महिलाओं के उत्थान की इस कदर ललक थी कि वे अपने काम से समय निकाल कर सुबह-शाम आदिवासी महिलाओं को घरेलू खर्च से बचत करना सिखातीं थीं।

वर्ष 1978 में जन्मीं सुश्री ठाकुर मध्य प्रदेश के धार संसदीय क्षेत्र से दूसरी बार सांसद चुनी गई हैं। वे इसके पहले धार जिला पंचायत अध्यक्ष और भाजपा राष्ट्रीय किसान मोर्चा में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रह चुकी हैं। वे सबसे पहले 2014 में धार से सांसद चुनी गईं, लेकिन वर्ष 2019 में उनका टिकट कट गया। इस बार पार्टी ने उन्हें दूसरी बार इस आदिवासी बहुल संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ने का मौका दिया।

उन्होंने एक गैर सरकारी संगठन में महिला समन्वय के पद पर काम करते हुए अपने सामाजिक जीवन की शुरुआत की और धार, खरगोन और इंदौर क्षेत्र में आदिवासी गरीब, पिछड़ी, अशिक्षित महिलाओं के उत्थान के लिए काम किए।

सुश्री ठाकुर ने बचत हेतु महिलाओं के स्वयं सहायता बचत समूह बनवाए और महिलाओं को छोटी-छोटी बचत के बारे में बताने के लिए सुबह-शाम बैठक ली। उन्होंने इस आदिवासी बहुल क्षेत्र में सामाजिक कुरीतियों को दूर करने के साथ महिलाओं के साथ शराब बंदी कार्यक्रम भी चलाए। (एजेंसियां)
Edited By : Chetan Gour  

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी