मणिपुर पर भी बोले, उपलब्धियां भी गिनाईं, शाह के भाषण की 10 बड़ी बातें

बुधवार, 9 अगस्त 2023 (20:04 IST)
debate on no-confidence motion: केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव पर बोलते हुए ज्यादातर समय सरकार की उपलब्धियां गिनाईं, लेकिन आखिरी में मणिपुर पर भी बोले। विपक्ष शोर-शराबे बीच शाह कई बार उग्र भी हुए। उन्होंने तीखे लहजे में कहा कि आपको मुझे सुनना ही पड़ेगा। हमें देश की जनता ने चुना है। उन्होंने कहा कि मैं पहले भी बोलना चाहता था, लेकिन विपक्ष ने बोलने ही नहीं दिया। यह किस तरह का लोकतंत्र है। आइए जानते हैं शाह के भाषण की 10 बड़ी बातें.... 
 
राहुल पर पलटवार : राहुल गांधी ने जिस तरह से सरकार पर तीखे हमले किए, उसी तरह अमित शाह ने भी राहुल पर हमले किए। गृहमंत्री अमित शाह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। राहुल गांधी का नाम लिए बिना शाह ने कहा कि 13 बार 'उस सदस्य' को लॉन्च किया, लेकिन वह 13 बार ही फेल हुआ। जिस कलावती के घर उस सदस्य ने खाना खाया था, उसको घर, बिजली और गैस देने का काम हमारी सरकार ने किया। 
 
मणिपुर पर 'मरहम' : अमित शाह ने यह कहकर मणिपुर पर मरहम रखने की कोशिश की हमने वहां शांति के कई प्रयास किए। साथ ही मैतेई और कुकी दोनों ही समुदायों से हम बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैतेई समुदाय को एसटी का दर्जा देने वाले हाईकोर्ट के फैसले ने आग में तेल डालने का काम किया। हाईकोर्ट ने इस बारे में केन्द्र सरकार से भी सलाह नहीं ली।
 
हालांकि उन्होंने कहा कि कुकी समुदाय के लोग म्यांमार से मणिपुर आए हैं। कुकी संख्या बढ़ने से मैतेई समुदाय में असुरक्षा की भावना बढ़ी है। लेकिन, राज्य में डेमोग्राफी बदलने की हमारी को‍ई मंशा नहीं है। मैं मणिपुर में तीन दिन, तीन रात रहा। हमारे साथी नित्यानंद राय 23 दिन तक रहे। राज्य में 36 हजार से ज्यादा सुरक्षाबलों की तैनाती की गई। हम म्यांमार सीमा पर फेंसिंग भी कर रहे हैं, ताकि घुसपैठ पर रोक लग सके। 
 
मोदी महिमा का बखान : नरेन्द्र मोदी की महिमा का बखान करते हुए शाह ने कहा कि पीएम मोदी ने अब तक बिना छुट्‍टी लिए काम किया है। वे 24 घंटे में से 17 घंटे काम करते हैं। मोदी जी के कार्यकाल में 11.72 करोड़ परिवारों को शौचालय दिए गए। 9.6 करोड़ घरों में गैस सिलेंडर भेजा। 12.65 करोड़ घरों में नलों से पानी पहुंचाया। पीएम मोदी ने दिल से दूरी कम करने का काम किया है। यूपीए राज में नॉर्थ ईस्ट कुछ नहीं होता था। पीएम मोदी 9 साल में 50 बार नॉर्थ ईस्ट गए। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने संपूर्ण विश्‍व में भारत का सम्मान बढ़ाने का काम किया। 14 देशों का सर्वोच्च सम्मान मोदी को मिला। भारत आज ग्लोबल नैरेटिव सेट कर रहा है।
 
कश्मीर में सुधरे हालात : पंडित नेहरू पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा कि अनुच्छेद 370 नेहरू सरकार की भूल थी और इसे हटाना युगांतकारी निर्णय। मोदी सरकार ने अनुच्छेद 370 को हटाया। इसके बाद वहां अब हालात सुधर रहे हैं। हमने कश्मीर को आतंकवाद मुक्त बनाने का अभियान चलाया। कश्मीर में अब आतंकवादियों का जनाजा नहीं निकलता, न ही वहां अब पथराव की घटनाएं होती हैं। हमने कश्मीर में दलित और आदिवासियों को आरक्षण दिया। हम कश्मीर को लेकर न तो हुर्रियत से चर्चा करेंगे न ही पाकिस्तान से। 
 
मुफ्त अनाज योजना : मोदी सरकार की मुफ्त अनाज योजना का जिक्र करते हुए शाह ने कहा कि कोरोना काल से शुरू हुई मुफ्त अनाज की मदद आज भी जारी है। 80 करोड़ लोगों को हर माह 5 किलो अनाज दिया जा रहा है। 25 लाख करोड़ रुपया गरीबों के खाते में भेजा गया। मोदी सरकार ने 130 करोड़ लोगों को फ्री वैक्सीन दिया।
 
गरीब और किसान : किसानों और गरीबों की बात करते हुए शाह ने कहा कि हम कर्ज माफी में विश्वास नहीं करते। हमने ऐसी व्यवस्था की है कि गरीब और किसान को कर्ज ही ना लेना पड़े। किसान निधि योजना रेवड़ी नहीं। 300 से ज्यादा योजनाओं का पैसा सीधे लोगों के अकाउंट में पहुंच रहा है। किसानों के बजट में 6 गुना वृद्धि की। MSP पर धान सबसे ज्यादा मोदी सरकार ने खरीदा। धान की खरीदी में 88 फीसदी की वृद्धि हुई। हमने 49.65 करोड़ बैंक अकाउंट खोले। आयुष्‍मान भारत योजना के तहत 5 लाख तक के इलाज का खर्च दिया।
आतंकवाद और नक्सलवाद : आतंकवाद और नक्सलवाद पर चर्चा करते हुए शाह ने कहा कि आतंकवाद, नक्सलवाद सिमट रहा है। वामपंथी उग्रवाद पर नकेल कसी। छत्तीसढ़ के 3 जिलों में नक्सलवाद बचा है। उन्होंने कहा कि UPA राज में आए दिन आतंकी घुसपैठ करते थे। हमने पाकिस्तान के घर में आतंकियों को घुसकर मारा। पीएफआई कई सालों से देश तोड़ने का काम कर रही थी, हमने एक ही दिन में PFI को बैन किया। बहुत जल्द मुंबई हमले के आरोपी तहव्वुर राणा को भारत लाया जाएगा।
 
अर्थव्यवस्था : अर्थव्यवस्था के मोर्चे पर सरकार की सराहना करते हुए शाह ने कहा कि पीएम मोदी ने अर्थव्यवस्था को 5वें नंबर पर पहुंचाया। 2027 में भारत तीसरे नंबर की अर्थव्यवस्था बनेगा। आने वाले 5 सालों में भारत प्रमुख शक्ति बनेगा।
 
रक्षा उत्पादन : रक्षा के क्षेत्र में भारत की उपलब्धियां गिनाते हुए शाह ने कहा कि भारत का रक्षा उत्पादन कई देशों के लिए आकर्षण है। यूपी, तमिलनाडु में 2 डिफेंस कॉरिडोर बनाए गए हैं। वन रैंक वन पेंशन का काम मोदी सरकार ने किया। 
 
विपक्ष पर आरोप : अमित शाह ने विपक्ष पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। कहा जा रहा था कि हम मणिपुर पर बोलने के लिए तैयार नहीं हैं। हम इस मुद्दे पर पहले दिन से ही बोलने के लिए तैयार थे, लेकिन विपक्ष सुनना ही नहीं चाहता था। इसमें कोई संदेह नहीं कि मणिपुर में हिंसा हुई, लेकिन इस पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। 
Edited by: Vrijendra Singh Jhala
 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी