GST ने जमकर भरा सरकार का खजाना, मई में कलेक्शन 2 लाख करोड़ के पार

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

रविवार, 1 जून 2025 (17:51 IST)
GST collection : सकल माल एवं सेवा कर (GST) संग्रह मई में 16.4 प्रतिशत बढ़कर 2.01 लाख करोड़ रुपए से अधिक हो गया है। इससे पहले अप्रैल में जीएसटी संग्रह 2.37 लाख करोड़ रुपए के अपने अब तक के सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंच गया था। महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक और तमिलनाडु जैसे बड़े राज्यों ने संग्रह में 17 प्रतिशत से 25 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है, जबकि गुजरात, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना जैसे बड़े राज्यों ने 6 प्रतिशत तक की वृद्धि दिखाई है।
 
रविवार को जारी सरकारी आंकड़ों में यह जानकारी दी गई। इससे पहले अप्रैल में जीएसटी संग्रह 2.37 लाख करोड़ रुपए के अपने अब तक के सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंच गया था। मई में घरेलू लेनदेन से कुल जीएसटी राजस्व 13.7 प्रतिशत बढ़कर लगभग 1.50 लाख करोड़ रुपए हो गया, जबकि आयात से जीएसटी संग्रह 25.2 प्रतिशत बढ़कर 51,266 करोड़ रुपए रहा।
ALSO READ: GST कलेक्शन के टूटे सारे रिकॉर्ड, पहली बार 2.37 लाख करोड़ रुपए के पार, जानिए कितनी फीसदी हुई बढ़ोतरी
मई में कुल केंद्रीय जीएसटी राजस्व 35,434 करोड़ रुपए, राज्य जीएसटी राजस्व 43,902 करोड़ रुपए और एकीकृत जीएसटी संग्रह लगभग 1.09 लाख करोड़ रुपए रहा। उपकर से राजस्व 12,879 करोड़ रुपए रहा। मई, 2024 में जीएसटी संग्रह 1,72,739 करोड़ रुपए रहा था। इस बीच, महीने के दौरान कुल रिफंड चार प्रतिशत घटकर 27,210 करोड़ रुपए रह गया। माह के दौरान शुद्ध जीएसटी संग्रह 20.4 प्रतिशत की सालाना वृद्धि के साथ लगभग 1.74 लाख करोड़ रुपए रहा।
 
डेलॉयट इंडिया के साझेदार एम एस मणि ने कहा कि राज्यों में जीएसटी संग्रह में वृद्धि में व्यापक आधार पर अंतर देखा जा रहा है। ऐसे में प्रत्‍येक राज्य में ऐसे क्षेत्रों का गहन विश्लेषण करने की जरूरत है, जो उसके लिए महत्वपूर्ण हैं। महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक और तमिलनाडु जैसे बड़े राज्यों ने संग्रह में 17 प्रतिशत से 25 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है, जबकि गुजरात, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना जैसे बड़े राज्यों ने 6 प्रतिशत तक की वृद्धि दिखाई है।
ALSO READ: GST अधिकारियों ने पकड़ी 1.95 लाख करोड़ रुपए की कर चोरी, अप्रैल-जनवरी के दौरान 25397 मामले आए सामने
मध्यप्रदेश, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान जैसे कुछ राज्यों में जीएसटी संग्रह में औसतन 10 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। मणि ने कहा, इसलिए देशभर में औसत वृद्धि संभवतः क्षेत्रीय या मौसमी कारकों के कारण राज्यों में समान रूप से परिलक्षित नहीं होती है, जिसके लिए गहन डेटा आधारित विश्लेषण की आवश्यकता होती है। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी