SIPRI report: रूस के साथ लंबे समय से युद्ध में उलझा यूक्रेन (Ukraine) 2020 से 24 के दौरान प्रमुख हथियारों का दुनिया का सबसे बड़ा आयातक रहा। वर्ष 2015-19 के आंकड़ों की तुलना में युद्धग्रस्त देश के हथियारों के आयात में लगभग 100 फीसदी की वृद्धि हुई। एक नई वैश्विक रिपोर्ट एसआईपीआरआई (SIPRI) में यह जानकारी सामने आई।
अमेरिका ने अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई : अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हथियारों के परिवहन पर सोमवार को जारी एसआईपीआरआई की रिपोर्ट के अनुसार अमेरिका ने वैश्विक हथियार निर्यात में अपनी हिस्सेदारी को 43 प्रतिशत तक बढ़ा दिया जबकि रूस के निर्यात में 64 प्रतिशत की गिरावट आई। यूक्रेन-रूस युद्ध फरवरी 2022 में शुरू हुआ और वर्तमान में इसके समाधान और क्षेत्र में स्थाई शांति लाने के लिए कुछ देशों द्वारा प्रयास किए जा रहे हैं।
यूक्रेन को सबसे ज्यादा हथियार अमेरिका से प्राप्त हुए : एसआईपीआरआई ने बताया कि यूक्रेन को सबसे ज्यादा हथियार अमेरिका (45 प्रतिशत) से प्राप्त हुए जिसके बाद जर्मनी (12 प्रतिशत) और पोलैंड (11 प्रतिशत) का स्थान रहा। 2020-24 में शीर्ष 10 आयातकों में यूक्रेन एकमात्र यूरोपीय राज्य था, हालांकि कई अन्य यूरोपीय राज्यों ने इस अवधि के दौरान अपने हथियारों के आयात में काफी वृद्धि की। एसआईपीआरआई के मुताबिक 2020-24 में फ्रांस, दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा हथियार आपूर्तिकर्ता देश बन गया जिसने 65 राज्यों को हथियार भेजे।(भाषा)