चुनाव से पहले पीएम मोदी का हिमाचल को दीपावली गिफ्ट, वंदे भारत एक्सप्रेस से इन 3 स्थानों को भी होगा फायदा

बुधवार, 12 अक्टूबर 2022 (11:21 IST)
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में चौथी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखा सकते हैं। इसे चुनाव से पहले पीएम मोदी का हिमाचल को बड़ा तोहफा कहा जा रहा है। इससे अंबाला, चंडीगढ़ और आनंदपुर साहिब को भी फायदा होगा।
 
यह ट्रेन दिल्ली से ऊना के अंब अंदौरा रेलवे स्टेशन तक चलेगी। इसका परिचालन बुधवार को छोड़कर सप्ताह के बाकी सभी दिनों में किया जाएगा। दिल्ली से ऊना के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस अंबाला, चंडीगढ़ और आनंदपुर साहिब में रुकेगी।
 
उल्लेखनीय है कि हिमाचल प्रदेश में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। पिछले महीने मोदी ने गुजरात में तीसरी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की शुरुआत की थी। यह ट्रेन गांधीनगर से मुंबई के बीच चलती है। गुजरात में भी इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं।
 
भारत की सबसे तेज गति से चलने वाली इस ट्रेन में सुरक्षा की दृष्‍टि से भी कड़े इंतजाम किए गए हैं। इमरजेंसी ब्रेक का इस्तेमाल करने पर भी ट्रेन में बैठे यात्रियों को पता नहीं चलता। तीव्र रफ्तार के बाद भी इस ट्रेन का संतुलन जबरदस्त है। नहीं छलकता कोच में भरे गिलास का पानी।
 
हाल ही लगातार 3 दिनों तक वंदे भारत एक्सप्रेस दुर्घटनाओं की शिकार हुई थी। एक दिन वह भैंस से टकराई तो दूसरे दिन गाय से, तीसरे दिन वंदे भारत एक्सप्रेस के ब्रेक जाम हो गए। हालांकि इन दुर्घटनाओं में कोई जनहानि नहीं हुई।
 
मोदी सरकार ने बजट 2022 में 400 नई वंदे भारत ट्रेन शुरू करने का ऐलान किया था। इसके तहत देश में कई स्थानों पर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें प्रस्तावित हैं।

Edited by : Nrapendra Gutpa (भाषा/वेब‍दुनिया)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी