Weather Update : महाराष्ट्र के कई जिलों में रेड अलर्ट, गुजरात में 23 जुलाई तक भारी बारिश की संभावना

बुधवार, 21 जुलाई 2021 (07:31 IST)
नई दिल्ली। महाराष्ट्र में बारिश का दौर मंगलवार को भी जारी रहा। आज राज्य के कई जिलों में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। दक्षिण गुजरात में 23 जुलाई तक भारी बारिश की संभावना है। इसके बाद 24 जुलाई को अति भारी बारिश हो सकती है।

महाराष्ट्र के कई जिलों में अलर्ट : मौसम विभाग ने भारी बारिश के संकेत देते हुए महाराष्ट्र के रायगढ़, रत्नागिरी, पुणे, कोल्हापुर और सतारा में रेड अलर्ट जारी किया है। मुंबई में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मराठवाड़ा और विदर्भ क्षेत्रों में शुक्रवार तक हल्की बारिश हो सकती है।

वायुसेना ने बचाई 5 की जान: भारतीय वायु सेना (IAF) ने जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में बाढ़ के कारण नदी के टीले पर फंसे 5 लोगों को बचाया। उझ नदी में बाढ़ के पानी में फंसे ग्रामीणों के एक समूह के बारे में एक संदेश मिला, जिसके बाद लोगों को बचाने के लिए वायुसेना के एक हेलीकॉप्टर को तत्काल सेवा में लगाया गया। वहां फंसे सभी 5 लोगों को सुरक्षित क्षेत्रों में पहुंचा दिया गया है।
 
इन राज्यों में हो सकती है भारी बारिश : मौसम विभाग के अनुसार, महाराष्ट्र, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और सिक्किम, अंडमान एंड निकोबार आईलैंड्स, गुजरात क्षेत्र, तेलंगाना, कर्नाटक के दक्षिण आंतरिक और तटीय हिस्सों और केरल में भारी बारिश के आसार हैं।
 
दिल्ली में कई हिस्सों में वर्षा: राष्ट्रीय राजधानी के कई भागों में मंगलवार को वर्षा होने के बाद यहां तापामान में गिरावट आई और अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि आद्रर्ता अधिक रही। राष्ट्रीय राजधानी में काफी विलंब के बाद 12 जुलाई को मानसून पहुंचा था और शहर में बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। तभी से, शहर में लगभग हर दिन बारिश हो रही है।
 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी