ओडिशा में BJP-BJD के गठजोड़ को लेकर क्या बोले राहुल गांधी?

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

बुधवार, 7 फ़रवरी 2024 (12:48 IST)
Bharat Jodo Nyay Yatra: कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने राउरकेला (ओडिशा) में बुधवार को आरोप लगाया कि ओडिशा में भारतीय जनता पार्टी (BJP) और बीजू जनता दल (BJD) के बीच गठजोड़ है और कांग्रेस राज्य के लोगों के हितों की रक्षा के लिए बीजद-भाजपा गठजोड़ का विरोध करती रही है। राहुल ने यहां ओडिशा के इस्पात शहर के रूप में प्रसिद्ध राउरकेला में अपनी 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' फिर शुरू की।
 
उन्होंने कहा कि आप जानते ही हैं कि ओडिशा में नवीन पटनायक और नरेन्द्र मोदी की साझा सरकार है। दोनों ने हाथ मिलाया है और मिलकर काम करते हैं। मुझे संसद में पता चला कि बीजद, भाजपा का समर्थन करती है। बीजद के लोग भी भाजपा के इशारे पर हमें परेशान करते हैं।
 
मोहब्बत की दुकान खोलने के लिए ओडिशा आया हूं : राहुल ने दावा किया कि अकेली कांग्रेस पार्टी ही ओडिशा के लोगों के लिए बीजद-भाजपा गठजोड़ का विरोध कर रही है। मैं नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलने के लिए ओडिशा आया हूं। कांग्रेस नेता ने ओडिशा में बीजद सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य के 30 लाख लोग आजीविका की तलाश में दूसरे राज्यों में विस्थापित हो गए हैं, क्योंकि राज्य सरकार उनके लिए काम नहीं कर रही है।
 
राज्य सरकार दलितों की उपेक्षा कर रही: उन्होंने कहा कि 30 लाख लोगों के अपनी आजीविका के लिए दूसरे राज्यों में विस्थापित होने के साथ ही ओडिशा से बाहर के 30 करोड़पति राज्य की संपदा को लूटने के लिए यहां आए हैं। राहुल ने कहा कि ओडिशा में आदिवासियों की बड़ी आबादी है लेकिन सरकार राज्यों में दलितों के साथ ही उनकी भी उपेक्षा कर रही है। उन्होंने कहा कि मैं यहां 6-7 घंटे आपके 'मन की बात' सुनने आया हूं और केवल 15 मिनट अपनी बात रखूंगा।
 
वेदव्यास शिव मंदिर में पूजा के साथ यात्रा शुरू : उन्होंने कहा कि ओडिशा में सबसे बड़ी समस्या बेरोजगारी है, क्योंकि उद्योग सही तरीके से काम नहीं कर रहे हैं। इससे पहले राहुल ने वेदव्यास शिव मंदिर में पूजा करने के साथ राउरकेला में अपनी 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' की फिर शुरुआत की और उदितनगर से यहां पानपोश चौक तक 3.4 किलोमीटर लंबी पदयात्रा शुरू की।
 
उन्होंने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के ओडिशा प्रभारी अजय कुमार और ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष शरत पटनायक के साथ लोगों से बातचीत की। राहुल का रानीबांध में बिरसा मुंडा मैदान में दोपहर का भोजन करने और दोपहर बाद कुटरा तथा बड़ागांव में 2 और सभाओं में भाग लेने का कार्यक्रम है।
 
इसके बाद वे रानीबांध से अपनी यात्रा बहाल करेंगे और राजगंगपुर में एक रैली को संबोधित करेंगे। वे बस स्टैंड चौक सुंदरगढ़ से स्टेडियम चौक होते हुए एसबीआई चौक तक 1 और किलोमीटर की पदयात्रा करेंगे। वह झारसुगुड़ा के अमलीपाली मैदान में रात्रि विश्राम से पहले एक और जनसभा को संबोधित करेंगे।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी