मुंबई। दक्षिण मुंबई के एक सरकारी अस्पताल में डॉक्टरों ने दांत संबंधी एक बीमारी ‘कांप्लेक्स ओडोनटोमा’ से जूझ रहे 17 वर्षीय किशोर के मुंह से 232 दांतों जैसी संरचना को हटा दिया।
औरंगाबाद जिले के बुलढाणा जिले में सुदूरवर्ती वल्सावांगी गांव में 10वीं के छात्र अशिक गवई की दांत की संरचना में असामान्य विकास होने लगा।
मुंबई के जेजे अस्पताल के एक डॉक्टर ने बताया कि बच्चे के अभिभावकों ने सबसे पहले औरंगाबाद में एक सरकारी अस्पताल से संपर्क किया, जहां से उसे यह कहते हुए जेजे अस्पताल भेजा गया कि बच्चे की स्थिति उनकी चिकित्सकीय विशेषज्ञता के दायरे के बाहर है।
जेजे अस्पताल के दंत चिकित्सा विभाग की प्रमुख डॉ. सुनंदा ढिवारे ने बताया कि मरीज को उसके निचले जबड़े में दाईं ओर असहनीय पीड़ा हो रही थी। बाद में चिंतित अभिभावकों ने औरंगाबाद में अस्पताल में संपर्क किया जिसके बाद यहां भेजा गया।
उन्होंने कहा कि मरीज के एक्स-रे जांच से दांत जैसी संरचना का पता चला जिसे बिना सर्जरी के हटाया जाना मुमकिन नहीं था। ढिवारे ने बताया कि 21 जुलाई को 6 घंटे तक यह सर्जरी चली। लड़के को अभी निगरानी में रखा गया है। (भाषा)