शशि थरूर : बहुमुखी प्रतिभा के धनी

रविवार, 28 अक्टूबर 2012 (13:45 IST)
FILE
बहुमुखी प्रतिभा के धनी शशि थरूर आईपीएल विवाद में मंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद लगभग हाथिए पर चले गए थे लेकिन मनमोहन सिंह ने उन्हें मंत्री बनाकर उनका राजनीतिक वनवास समाप्त कर दिया।

शशि थरूर ने बतौर राजनयिक, लेखक और नेता खूब नाम कमाया हालांकि वह लगातार विवादों के घेरे में भी रहे। संयुक्त राष्ट्र से लौटने के बाद वह कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए। संयुक्त राष्ट्र में वह उप महासचिव थे। 2009 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने तिरुवनंतपुरम सीट से विजय दर्ज की।

उन्हें सीधे विदेश राज्य मंत्री बना दिया गया हालांकि इस पद पर वह काफी कम समय रहे। कोच्चि आईपीएल टीम में भूमिका को लेकर लगे आरोपों के बाद मचे बवाल के बीच उन्हें मजबूरन इस्तीफा देना पड़ा।

नौ मार्च 1956 को लंदन में जन्मे थरूर की शिक्षा दीक्षा तमिलनाडु, मुंबई और कोलकाता में हुई। उन्होंने दिल्ली के सेंट स्टीफेन्स कालेज से इतिहास में स्नातक किया। बाद में वह स्नातकोत्तर की उपाधि लेने के लिए विदेश गए। फिर पीएचडी भी की।

संयुक्त राष्ट्र महासचिव पद के लिए भारत ने थरूर के नाम को लेकर जबर्दस्त खेमाबंदी की थी लेकिन वह बान की मून के मुकाबले हार गए। उसके बाद ही वह भारत लौटकर कांग्रेस में शामिल हुए। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें