नाथद्वारा में सीपी जोशी को हराएंगे विश्वराज सिंह, जानें मुकाबले को लेकर क्या बोले पूर्व मेवाड़ राजवंश के कुंवर

रविवार, 5 नवंबर 2023 (21:09 IST)
Nathdwara Assembly Seat : राजस्थान में मेवाड़ के पूर्व शाही परिवार के सदस्य कुंवर विश्वराज सिंह मेवाड़ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी के खिलाफ विधानसभा चुनाव में सफलता के लिए पूरी तरह आश्वस्त हैं। कुंवर विश्वराज सिंह नाथद्वारा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं।
 
महान राजपूत राजा और योद्धा महाराणा प्रताप के वंशज, विश्वराज सिंह उस परिवार से आते हैं जिसने सदियों तक मेवाड़ साम्राज्य पर शासन किया है और अब वह लोकतंत्र में जनप्रतिनिधि बनना चाह रहे हैं। दिल्ली में भाजपा में शामिल होने के तुरंत बाद पार्टी ने विश्वराज सिंह को 25 नवंबर के विधानसभा चुनाव के लिए राजस्थान के राजसमंद जिले के नाथद्वारा से पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया।
 
इस सीट पर मौजूदा विधायक और विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी कांग्रेस के उम्मीदवार हैं। जोशी नाथद्वारा से पांच बार के विधायक हैं। जहां कांग्रेस निर्वाचन क्षेत्र में अपने विकास कार्यों पर भरोसा कर रही है, वहीं भाजपा इस मुकाबले को मेवाड़ के गौरव से जोड़कर सीट जीतने की उम्मीद कर रही है।
 
श्रीनाथजी मंदिर के लिए प्रसिद्ध नाथद्वारा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं और यह मेवाड़ क्षेत्र का एक हिस्सा है। इस निर्वाचन क्षेत्र में राजपूत और ब्राह्मण मतदाताओं का वर्चस्व है। इसके बाद ओबीसी और आदिवासी वोटों का नंबर आता है। यहां दो लाख पैंतीस हजार मतदाता हैं।
 
विश्वराज सिंह ने बताया, कई लोग मुझसे पूछते हैं और उन्हें संदेह है कि मैं लोकतंत्र में कैसे तालमेल बिठा पाऊंगा। मेरा कहना है कि (पूर्व शाही) परिवार लगभग 1500 वर्षों से वहां है, जो एक लंबा समय है और यह तभी हो सकता है जब आप लोगों से जुड़े हों। उन्होंने कहा कि राजतंत्र और लोकतंत्र शासन के अलग-अलग रूप हैं लेकिन अंतिम लक्ष्य लोगों की सेवा करना और विकास करना है।
उन्होंने कहा, जहां तक लोकतंत्र की बात है तो मेरे पिता महेंद्र सिंह भी सांसद रहे हैं, नाना भी सांसद रहे हैं। हमारे परिवार के लोग राजनीति में रहे हैं। हम हमेशा लोगों से मिलते रहे हैं, अब तरीका बदल गया है, पहले हम राजतंत्र में मिलते थे, अब हम लोकतंत्र में जनता से मिलते हैं। मेवाड़ी पगड़ी पहनकर, वह अपने परिवार के सदस्यों और समर्थकों के साथ निर्वाचन क्षेत्र में घूमते हैं और लोग उनका राजनीति नेता के रूप में नहीं बल्कि पूर्व शाही परिवार के सदस्य के रूप में स्वागत करते हैं।
 
राजसमंद से सांसद और जयपुर के पूर्व राजपरिवार की सदस्य दीया कुमारी ने विश्वराज सिंह को भाजपा में लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। सांसद दीया कुमारी जयपुर के विद्याधर नगर विधानसभा क्षेत्र से विधानसभा चुनाव लड़ रही हैं। विश्वराज सिंह 17 अक्टूबर को दिल्ली में भाजपा में शामिल हुए और 21 अक्टूबर को जारी दूसरी सूची में उन्हें पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया गया।
 
विश्वराज सिंह ने कहा कि जब देश का नेतृत्व सक्षम और दूरदर्शी नेता कर रहे है तो उनका समर्थन करना चाहिए और इसी वजह से वह पार्टी में शामिल हुए हैं। कांग्रेस नेता सीपी जोशी के खिलाफ अपने मुकाबले पर विश्वराज सिंह ने कहा, वह कई वर्षों से राजनीति में हैं और जहां तक चुनौतियों का सवाल है, यह श्रीनाथजी और हल्दीघाटी की भूमि है और मुझे विश्वास है कि भाजपा यहां जीतेगी।
 
उनकी पत्नी महिमा कुमारी ने कहा कि वह ग्रामीण इलाकों का दौरा कर रही हैं और लोगों से मिल रही हैं और वे उनकी आवश्यकता और मुद्दों के समाधान के बारे में बात करते हैं। महिमा कुमारी ने कहा, मैं उनके उदास चेहरे देखती हूं और वे हमें अपनी समस्याएं बताते हैं। उनका कहना हैं कि राज्य सरकार की योजनाओं और कार्यक्रमों का लाभ उन तक नहीं पहुंच रहा है। कांग्रेस शासन में ग्रामीण लोगों की स्थिति दयनीय है।
 
उन्होंने कहा कि नाथद्वारा विधानसभा क्षेत्र में पेयजल एक बड़ा मुद्दा है। मेवाड़ के गौरवशाली इतिहास के कारण स्थानीय लोगों में मेवाड़ परिवार के प्रति सम्मान है। एक स्थानीय व्यक्ति रवींद्र सिंह ने कहा, इस परिवार के सदस्य का समर्थन करना हमारा कर्तव्य है। उनका क्षेत्र में बहुत प्रभाव रहा है।
 
भाजपा जिला अध्यक्ष मान सिंह ने कहा कि कांग्रेस उम्मीदवार एक वरिष्ठ नेता हैं लेकिन मेवाड़ परिवार का क्षेत्र में बहुत प्रभाव है और इससे पार्टी को सीट जीतने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा, यह एक हॉट सीट है और यह मुकाबला लोगों के लिए गर्व का सवाल है। कुंवर विश्वराज सिंह की रगों में महाराणा प्रताप का खून दौड़ता है। हम निश्चित रूप से जीतने जा रहे हैं।
 
वहीं कांग्रेस जिलाध्यक्ष हरि सिंह राठौड़ ने कहा कि सीपी जोशी के कार्यकाल में विधानसभा क्षेत्र में 1700 करोड़ रुपए के विकास कार्य हुए हैं। राठौड़ ने कहा, यह वह निर्वाचन क्षेत्र है जहां हर इलाके में बड़ी संख्या में विकास कार्य किए गए हैं। पार्टी को विकास के नाम पर वोट मिलने का भरोसा है।
 
भाजपा द्वारा विश्वराज सिंह को मैदान में उतारने पर उन्होंने कहा, नाथद्वारा में लड़ाई हमेशा कठिन रही है लेकिन सीपी जोशी एक वरिष्ठ नेता हैं जिन्होंने क्षेत्र में कई विकास कार्य किए हैं। भाजपा उम्मीदवार पूर्व शाही परिवार से हैं जबकि हम कांग्रेस द्वारा किए गए विकास कार्यों पर प्रकाश डाल रहे हैं। साल 2008 के विधानसभा चुनावों में नाथद्वारा सीट पर एक दिलचस्प लड़ाई देखी गई थी जब जोशी भाजपा के कल्याण सिंह से एक वोट से चुनाव हार गए थे। (भाषा) फोटो सौजन्‍य : सोशल मीडिया
Edited By : Chetan Gour  

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी