नरेंद्र मोदी का सोनिया गांधी पर पलटवार

रविवार, 24 नवंबर 2013 (17:48 IST)
FILE
बांसवाड़ा (राजस्थान)। प्रधानमंत्री पद के लिए भाजपा के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पर पलटवार करते हुए रविवार को कहा कि कोई भी अन्य पार्टी कांग्रेस से अधिक जहरीली नहीं हो सकती, क्योंकि वह करीब आधी सदी से उसी पर फल-फूल रही है जिसे उन्होंने ‘सत्ता का जहर’ कहा था।

सोनिया ने एक दिन पहले ही कहा था कि भाजपा जहरीले लोगों की पार्टी है। मोदी ने यहां एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि राहुल गांधी ने एक बार स्मरण करते हुए कहा था कि उनकी मां सोनिया ने सत्ता की तुलना जहर से की थी।

मोदी ने कहा कि मैडम के शहजादे ने एक बार जयपुर में कहा था कि उनकी मां ने उनसे कहा था कि सत्ता जहर है। उन लोगों ने स्वतंत्रता के बाद देश पर करीब 50 वर्षों तक शासन किया... तो जहर का स्वाद अधिक समय तक किसने चखा...वह कांग्रेस थी...तब (कांग्रेस से) अधिक जहरीला कौन हो सकता है।

मोदी ने कहा कि राहुल गरीबी की बात तभी करते हैं, जब मीडिया आसपास होता है। उन्होंने सवाल किया कि राहुल ने अपने घर के पास स्थित झुग्गी में रहने वालों के लिए कुछ भी क्यों नहीं किया? एक वर्ष में दो या तीन बार यह दिखाने के लिए एक फोटो शूट होता है कि वे गरीबी को लेकर चिंतित हैं।

मोदी ने कहा कि दिल्ली में शनिवार को लोगों ने मुझे बताया कि राहुल का बंगला दिल्ली की मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र में है और उनके बंगले के पास ही 800 लोगों वाली झुग्गी है, लेकिन वहां पर केवल दो सार्वजनिक शौचालय हैं।

उन्होंने कहा कि 800 लोग और मात्र 2 शौचालय... एक निवासी को अपनी बारी के लिए महीनों इंतजार करना पड़ेगा। लेकिन ये सभी चीजें कांग्रेस को दिखाई नहीं देतीं, उन्हें गरीबी तभी नजर आती है जब मीडिया होता है। उन्हें अन्य की चिंता नहीं है।

मोदी ने महंगाई को लेकर सरकार पर हमला बोला और कहा कि लोगों को चुनाव में कांग्रेस को भूल जाना चाहिए लेकिन उसे माफ नहीं करना चाहिए, क्योंकि उसने वर्ष 2009 के आम चुनाव के दौरान किया अपना वादा आसानी से भुला दिया जिसमें उसने कहा था कि सत्ता में आने के 100 दिन के अंदर वह महंगाई पर काबू पा लेगी।

उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव से पहले कांग्रेस ने महंगाई को 100 दिन के भीतर नियंत्रित करने का वादा किया था लेकिन क्या हुआ? कीमतें आसमान पर चली गईं और आसमान छूती महंगाई पर कोई नियंत्रण नहीं है।

उन्होंने कहा कि सभी तीन नेताओं (सोनिया गांधी, मनमोहन सिंह और राहुल गांधी) ने राजस्थान का दौरा किया लेकिन किसी ने भी महंगाई की बात नहीं की और यह नहीं कहा कि उनकी सरकार ने उसे नियंत्रित करने के लिए क्या किया।

मोदी ने गुजरात से सटे जनजाति बहुल क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि जनजातीय समुदाय ने देश के स्वतंत्रता आंदोलन में अहम योगदान किया है। उन्होंने कहा कि लेकिन कांग्रेस यह प्रचारित करती है कि देश के लिए एक ही परिवार ने सभी बलिदान किए। उन्होंने जनजातीय लोगों के बलिदान को नजरंदाज किया लेकिन तथ्य यह है कि उन्होंने जो समय महलों में बिताया वह उनके द्वारा जेलों में बिताए गए समय से अधिक है।

भाजपा नेता ने कहा कि वह अटल बिहारी वाजपेयी सरकार थी जिसने आदिवासियों के लिए एक अलग मंत्रालय स्थापित किया और उनके कल्याण के लिए बजट में प्रावधान किया जबकि कांग्रेस आदिवासियों को मात्र वोटर के रूप में देखती है और उनके बारे में बात तभी करती है, जब चुनाव नजदीक होते हैं।

उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने बांसवाड़ा के मानगढ़ में गोविंद गुरु का एक स्मारक बनाया,जो अब एक पवित्र स्थल बन चुका है।

उन्होंने कहा कि जलियांवाला बाग नरसंहार जैसी घटना मानगढ़ में हुई। आदिवासियों ने गोविंद गुरु की प्रेरणा से अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई लड़ी। मैं उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें