आंध्रप्रदेश के विजयवाड़ा जिले में कनक दुर्गा मंदिर के समीप स्नानघाट पर गुरुवार तड़के मची भगदड़ में पाँच महिलाओं तथा एक बच्चे की मौत हो गई एवं 18 अन्य घायल हो गए।
पुलिस ने यह जानकारी देते हुए बताया कि भवानी दीक्षा का अंतिम दिन होने के कारण आज हजारों की संख्या में भक्तगण दुर्गा घाट पर एकत्र हुए थे। आगे बढ़ने के चक्कर में ये लोग एक-दूसरे को धक्का-मुक्की कर रहे थे कि इनमें से कुछ लोग गिर गए और भगदड़ मच गई।
स्नानघाट पर स्नान करने के बाद भक्तगण पहाड़ी पर स्थित प्रसिद्ध मंदिर में देवी के दर्शन करने जाते हैं।
घायलों में से दस को स्थानीय सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि बाकी को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। एक घायल महिला की हालत गंभीर बताई जाती है।
राज्य के धर्मादा मंत्री जे. रत्नाकर राव ने हादसे की विभागीय जाँच के आदेश दिए हैं। उन्होंने मंदिर प्रशासन पर तीर्थयात्रियों के लिए उचित प्रबंध नहीं करने का भी आरोप लगाया।
राज्य सरकार ने भगदड़ में मारे गए लोगों के परिजनों को एक-एक लाख रुपए तथा घायलों को दस-दस हजार रुपए का मुआवजा देने की घोषणा की है।