पाक ने फिर किया संघर्ष विराम का उल्लंघन

शनिवार, 26 जुलाई 2014 (14:26 IST)
FILE
जम्मू। संघर्ष विराम का एक बार फिर से उल्लंघन करते हुए पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू जिले में नियंत्रण रेखा पर छोटे हथियारों से अग्रिम भारतीय चौकियों को निशाना बनाया जिस पर भारतीय सैनिकों ने जवाबी कार्रवाई की।

रक्षा विभाग के जनसंपर्क अधिकारी ने शनिवार को यहां बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू जिले के पल्लानवाला में अग्रिम चौकियों पर बीती देर रात करीब 11 बजकर 10 मिनट पर छोटे हथियारों से बिना किसी उकसावे के गोलीबारी की।

उन्होंने बताया कि सैनिकों ने पाकिस्तानी गोलीबारी का जवाब दिया जिस पर दोनों पक्षों की ओर से गोलीबारी हुई। उन्होंने बताया कि इस गोलीबारी में किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है।

नगरोटा स्थित 16वीं कोर के लेफ्टिनेंट जनरल के एच. सिंह ने कहा कि भारतीय सेना पाकिस्तानी सैनिकों को मुंहतोड़ जवाब दे रही है।

7 घंटे से भी कम समय में पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा संघर्ष विराम उल्लंघन का यह दूसरा और जुलाई महीने में 8वां मामला है।

शुक्रवार को पाक सैनिकों ने पुंछ जिले के मेंधर सेक्टर के बालाकोटे क्षेत्र में अग्रिम चौकियों पर छोटे हथियारों से बिना किसी उकसावे के गोलीबारी की।

20 जुलाई को पाकिस्तानी रेंजरों ने संघर्ष विराम उल्लंघन की एक बड़ी घटना में जम्मू जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास के गांवों में मोर्टार बमों से भारी गोलीबारी की थी जिसमें घरों को नुकसान पहुंचा और पालतू जानवर मारे गए। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें