ओडिशा में ट्रेन से टकराकर 3 हाथियों की मौत, रेल पटरी कर रहे थे पार

शुक्रवार, 20 मई 2022 (17:10 IST)
क्योंझर (ओडिशा)। ओडिशा के क्योंझर जिले में मालगाड़ी से टकराकर कम से कम 3 हाथियों की मौत हो गई जिनमें से 2 हस्ति शावक भी शामिल हैं। वन विभाग के अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि घटना चम्पुआ वन रेंज के जोडा वन सेक्शन के अंतर्गत बंसापानी के पास गुरुवार को शाम करीब साढ़े सात बजे हुई। अधिकारियों ने बताया कि हादसे के समय करीब 20 हाथी पटरी पार कर रहे थे।

एक वन अधिकारी ने बताया कि एक हस्ति शावक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक हथिनी और एक अन्य हस्ति शावक ने आज सुबह दम तोड़ा। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद हाथियों के झुंड ने वन अधिकारियों को बचाव अभियान चलाने से रोका।

एक अन्य वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, वन विभाग के कर्मचारी पूरे दिन हाथियों के झुंड की आवाजाही पर नजर रखते हैं। रेल अधिकारियों को भी हाथियों की मौजूदगी की जानकारी दी गई थी। रेलगाड़ी की गति 25 किलोमीटर प्रति घंटा थी। यह हादसा अंधेरा होने की वजह से हुआ।

इस बीच, कार्यकर्ताओं ने खनिज संपन्न क्योंझर जिले में ट्रेन से टकरा कर लगातार हो रही हाथियों की मौत पर चिंता जताई है।उन्होंने बताया कि गत आठ साल में 11 हाथियों की मौत ट्रेन से टकराकर जबकि चार हाथियों की मौत सड़क हादसों में हुई है। वहीं इस अवधि में 13 हाथियों की मौत करंट लगने से हुई है।(भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी