हमीरपुर के मौदहा कस्बे में बुधवार तड़के 25 हजार रुपए के इनामी अमर को एसटीएफ ने उस समय मार गिराया जब वह भागने का प्रयास कर रहा था। पुलिस की मोस्ट वांटेड लिस्ट में 11वें नंबर का अपराधी अमर विकास दुबे के सबसे खास आदमियों में से एक था और घटना की रात वह विकास के साथ पुलिस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला रहा था।
बिकरू कांड के मास्टरमाइंड विकास दुबे के साथ साए की तरह रहने वाले अमर दुबे को लेकर ग्रामीणों ने बताया कि अमर दुबे के पिता संजय दुबे का कुछ दिनों पहले सड़क हादसे में निधन हो चुका है। विकास का रिश्तेदार अमर कुछ दिन पहले मुठभेड़ में मारे गए अतुल दुबे का सगा भतीजा है। पुलिस ने दो रोज पहले उसकी मां क्षमा दुबे को भी गिरफ्तार करके जेल भेजा है।
ग्रामीणों के अनुसार अमर दुबे विकास के शातिर शार्प शूटर में से एक था। वह शिवली के आसपास के गांव का रहने वाला है लेकिन कुछ वर्षों से वह बिकरू गांव में ही रह रहा था। विकास दुबे के घर से कुछ दूरी पर इसका मकान बना हुआ है। ग्रामीणों को उसके आपराधिक इतिहास के बारे में तो ज्यादा जानकारी नहीं है बशर्ते कई बार पुलिस उसे गिरफ्तार करके ले जरूर गई है।