कर्नाटक में काली नदी पर बना पुल गिरा, NH 66 पर ट्रैफिक जाम

वेबदुनिया न्यूज डेस्क
बुधवार, 7 अगस्त 2024 (13:34 IST)
Bridge over Kali river collapses in Karnataka: कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले में काली नदी पर बना एक पुराना पुल मंगलवार देर रात ढह गया, जिसके परिणामस्वरूप गोवा को कर्नाटक से जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग 66 पर भारी यातायात जाम हो गया। जिस समय पुल गिरा उस समय एक ट्रक वहां से गुजर रहा था, वह नदी में गिर गया। 
 
घटना में वाहन चालक घायल हो गया और उसकी पहचान तमिलनाडु निवासी बाला मुरुगन के रूप में हुई है। अधिकारियों के अनुसार, लगभग एक दशक पहले एक नए पुल के निर्माण के बाद इस पुल का इस्तेमाल गोवा जाने वाले वाहनों के लिए किया जाता था। ट्रक कारवार की ओर जा रहा था, लेकिन पुल ढहने से वह नदी में गिर गया। रात्रि गश्ती दल ने पुलिस अधिकारियों को घटना की सूचना दी। 
 
चालक को सुरक्षित निकाला : कारवार के पुलिस अधीक्षक एम नारायण ने कहा कि हमारे रात्रि गश्ती दल ने पुल के ढहने की सूचना नियंत्रण कक्ष को दी। पुल ढह जाने से ट्रक नदी में गिर गया था और घायल चालक वाहन के ऊपर था। स्थानीय मछुआरों ने हमारे दल के साथ मिलकर चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
 
नए पुल पर यातायात रोका : उन्होंने कहा कि वाहन चालक को कारवार आयुर्विज्ञान संस्थान एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। कारवार पुलिस ने बताया कि काली नदी पर बने पुराने पुल के ढहने के बाद बुधवार को तड़के नए पुल पर यातायात कुछ देर के लिए रोक दिया गया। हालांकि, बाद में भारी वाहनों को छोड़कर अन्य वाहनों को आवाजाही की अनुमति दे दी गई।
 
गोवा के कैनाकोना पुलिस थाने के प्रभारी हरीश राउत देसाई ने बताया कि नए पुल पर यातायात प्रतिबंधित कर दिया गया था, क्योंकि पुराने पुल के ढह जाने के बाद कर्नाटक के अधिकारी इस बात की जांच कर रहे थे कि नया पुल यातायात का अधिक बोझ झेलने में सक्षम है या नहीं। उन्होंने बताया कि इस घटना के संबंध में एक प्राथमिकी भी दर्ज की गई है। (एजेंसी/वेबदुनिया)
Edited by: Vrijendra Singh Jhala
 

सम्बंधित जानकारी

अगला लेख