नए साल के जश्न के बीच दिल्ली में खौफनाक वारदात, कार सवार लड़कों ने लड़की को 4 KM तक घसीटा, दर्दनाक मौत

रविवार, 1 जनवरी 2023 (23:40 IST)
नई दिल्ली। दिल्ली के कंझावला में 31 दिसंबर और 1 जनवरी की दरमियानी रात को एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां सुल्तानपुरी के पास एक लड़की की स्कूटी की कार से टक्कर हो गई। इसके बाद लड़की कार के नीचे फंस गई, लेकिन आरोपी लड़के उसे लगभग 4 किलोमीटर तक घसीटते रहे। बाद में लड़की की दर्दनाक मौत हो गई।

खबरों के अनुसार, दिल्ली के कंझावला में लड़की की संदिग्ध हालात में मौत से हड़कंप मच गया है। लड़की का शव बिना कपड़ों के बरामद हुआ है। पुलिस जांच में जुटी हुई है और आरोपी 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। हालांकि पुलिस इस मामले को दुर्घटना बता रही है। पुलिस का कहना है कि इस मामले को हत्या और गैंगरेप बताकर झूठ फैलाया जा रहा है, जबकि ऐसा नहीं है।

आरोपी लड़के शराब के नशे में थे जो मुरथल सोनीपत से वापस अपने घर मंगोलपुरी लौट रहे थे, उसी दौरान सुल्तानपुरी के पास उनकी लड़की की स्कूटी से टक्कर हो गई। इसके बाद लड़की कार के नीचे फंस गई और आरोपी लड़के लगभग 4 किलोमीटर दूर तक उसे घसीटते रहे।

पुलिस ने कार सवार 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच पड़ताल की जा रही है। पकड़े गए गाड़ी के आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उनकी गाड़ी का सुल्तानपुरी इलाके में एक स्कूटी से एक्सीडेंट हो गया था। इसी दौरान पैट्रोलिंग के दौरान एसएचओ को दुर्घटना की हालत में स्कूटी भी मिल गई।

बलात्कार की खबरों को बताया झूठा : पुलिस ने इसे बलात्कार की घटना बताने वाली खबरों को झूठा करार दिया है। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि मामले को बलात्कार और हत्या की घटना बताने वाली झूठी और फर्जी खबरें प्रसारित हो रही हैं। पुलिस ने बताया कि घटना के सिलसिले में मारुति बलेनो में यात्रा कर रहे पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस बीच, महिला का निर्वस्त्र शव और उसके टूटे पैर का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ।

क्या बोली पुलिस : पुलिस के अनुसार कंझावला थाने (रोहिणी जिला) में तड़के तीन बजकर 24 मिनट पर सूचना मिली कि कुतुबगढ़ इलाके की ओर जा रही एक कार से एक शव बंधा हुआ है। उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मंगोलपुरी के संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस उपायुक्त (बाहरी) हरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि पीड़िता का पैर कार के एक पहिए में फंस गया और उसे करीब चार किलोमीटर तक घसीटा गया।
 
मामले में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 279 (तेजी से गाड़ी चलाना) और 304-ए (लापरवाही से मौत) के तहत मामला दर्ज किया गया है। दीपक खन्ना (26), अमित खन्ना (25), कृष्ण (27), मिथुन (26) और मनोज मित्तल को गिरफ्तार किया गया है।
 
उन्होंने बताया कि दीपक एक ड्राइवर है, अमित उत्तम नगर में एसबीआई कार्ड का काम करता है, कृष्ण कनॉट प्लेस में काम करता है, मिथुन नारायणा में हेयर ड्रेसर का काम करता है और मित्तल सुल्तानपुरी में एक निजी फूड डिलीवरी कंपनी के प्रतिनिधि के तौर पर काम करता है। 
 
सूत्रों ने बताया कि आरोपियों को नहीं पता था कि युवती का शव उनकी कार के साथ खिंचा चला जा रहा है। उन्होंने बताया, बाद में जब उन्हें इसका पता चला तो वे डर गए और शव को कार से हटाने के बाद फरार हो गए। पुलिस ने कहा कि कार चालक शराब के नशे में था या नहीं, इसकी जांच के लिए उसके खून के नमूने को संरक्षित कर लिया गया है।

डीसीडब्ल्यू ने पुलिस को जारी किया नोटिस : दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) ने भी मामले में पुलिस को नोटिस जारी किया है। दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने कहा कि उन्होंने घटना के संबंध में दिल्ली पुलिस को समन जारी किया है।

मालीवाल ने ट्वीट किया कि  दिल्ली की सड़कों पर एक लड़की को नशे में धुत लड़कों ने अपनी गाड़ी से कई किलोमीटर तक घसीटा। उसका शव निर्वस्त्र अवस्था में सड़क पर मिला। यह बेहद भयानक मामला है। दिल्ली पुलिस को हाज़िरी समन जारी कर रहे हैं। उन्होंने कटाक्ष किया कि क्या सुरक्षा व्यवस्था थी न्यू ईयर के मौके पे ?
इनपुट भाषा Edited By : Chetan Gour

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी