कश्मीर में मुठभेड़, लश्कर का शीर्ष आतंकी ढेर, तीन जवान शहीद

Webdunia
मंगलवार, 14 फ़रवरी 2017 (08:49 IST)
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा जिले में मंगलवार सुबह सुरक्षा बलों के साथ भीषण मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा का एक शीर्ष आतंकवादी मारा गया और सुरक्षा बल के तीन जवान शहीद हो गए जबकि सुरक्षा बल के छह जवान तथा एक नागरिक घायल हो गया। आधिकारिक सूत्रों ने यहां यह जानकारी दी।
 
 
 
 
रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने इस खबर की पुष्टि नहीं की है। घायल जवानों को विमान से ले जाकर सेना के शिविर अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है।
 
सूत्रों ने बताया कि आतंकवादियों के छिपे होने की खुफिया सूचना के आधार पर सेना और राज्य पुलिस के विशेष अभियान दल के जवानों ने बांदीपोरा के पर्राय मोहल्ला हाजन में तड़के तलाशी अभियान चलाया। सुरक्षा बल के जवान जब आतंकवादियों के छिपे होने के इलाके की ओर बढ़ रहे थे, आतंकवादियों ने स्वचालित हथियारों से गोलीबारी शुरू कर दी और हथगोले फेंकने शुरू कर दिए। सुरक्षा बलों ने भी माकूल जवाब दिया।
 
आतंकवादियों की शुरूआती गोलाबारी में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के एक वरिष्ठ अधिकारी चेतन थापा समेत नौ जवान घायल हो गए जिनमें से तीन ने बाद में दम तोड़ दिया। (वार्ता)
अगला लेख