नेल्लोर (आंध्रप्रदेश)। युवजन श्रमिक रायथू कांग्रेस पार्टी (YSRCP ) के नेता नल्लापुरेड्डी प्रसन्न कुमार रेड्डी ने मंगलवार को आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ तेलुगुदेशम पार्टी (तेदेपा) के समर्थकों ने हमला किया और उनके घर में तोड़फोड़ की जिससे उनकी संपत्ति को व्यापक नुकसान पहुंचा। इसके जवाब में तेदेपा नेताओं ने आरोप लगाया कि पूर्व विधायक ने एक महिला विधायक से दुर्व्यवहार किया था।
उन्होंने कहा कि माना जाता है कि भीड़ में शामिल लोग नेल्लोर के सांसद एवं प्रशांति रेड्डी के पति वेमिरेड्डी प्रभाकर रेड्डी के समर्थक थे जिन्होंने उनके घर पर धावा बोल दिया। हालांकि सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) मंत्री एवं तेदेपा महासचिव नारा लोकेश ने आरोप लगाया कि प्रसन्न कुमार रेड्डी ने प्रशांति रेड्डी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की।
हमलावरों ने घर में तोड़फोड़ कर काफी नुकसान पहुंचाया : प्रसन्न कुमार रेड्डी ने कहा कि हमलावरों ने घर में तोड़फोड़ की, खिड़कियां तोड़ दी, फर्नीचर तोड़ दिए और वहां खड़ी दो कारों को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने सब कुछ नष्ट कर दिया और सीसीटीवी की हार्ड डिस्क चुरा ली। घटना के दौरान घर पर केवल उनकी 80 वर्षीय मां ही थीं। वे डर के मारे सहम गईं। हमलावरों ने उन्हें धमकाया। अगर मैं अंदर होता तो वे मुझे मार देते। प्रसन्न कुमार रेड्डी का मानना है कि हमलावर नशे में थे।
उन्होंने नेल्लोर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) जी. कृष्णकांत से गहन और पारदर्शी जांच करने का आग्रह करते हुए कहा कि वे संभवत: नशे में थे। पूर्व विधायक ने पुलिस पर राजनीतिक पक्षपात का आरोप लगाया। प्रसन्न कुमार रेड्डी ने आरोप लगाया, वे (पुलिस) केवल तेदेपा के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार का आदेश मानते हैं। विपक्ष में होने के कारण हमें पुलिस से कोई सुरक्षा या सहयोग नहीं मिलता।ALSO READ: कांग्रेस का सवाल, क्या आंध्रप्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा देंगे पीएम मोदी?
उन्होंने कहा कि उनका परिवार 1961 से राजनीति में है, लेकिन हमने कभी ऐसा आतंक नहीं देखा। उन्होंने कहा कि नए विधायक को आलोचकों के खिलाफ हिंसा किए बिना राजनीति सीखनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि पूर्ववर्ती वाईएसआरसीपी सरकार के दौरान ऐसी कोई घटना नहीं देखी गई। इस बीच वाईएसआरसीपी प्रमुख वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने प्रसन्न कुमार रेड्डी से फोन पर बात की, गहरी चिंता व्यक्त करते हुए हमले की निंदा की। उन्होंने इसे कानून व्यवस्था का चौंकाने वाला उल्लंघन करार दिया।
प्रसन्ना कुमार रेड्डी के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए लोकेश ने प्रशांति रेड्डी के खिलाफ उनकी कथित टिप्पणियों की निंदा की और उन्हें अपमानजनक, गैरकानूनी और शर्मनाक बताया। लोकेश ने कहा कि वाईएसआरसीपी के नेताओं में महिलाओं के प्रति इतनी नफरत क्यों है? केवल अकादमिक डिग्री ही काफी नहीं है, बुनियादी शालीनता और शिष्टाचार महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक रूप से एक महिला विधायक को निशाना बनाना और कथित चरित्र हनन में लिप्त होना बहुत बड़ा अपराध है।ALSO READ: पिछड़ी जातियों को लेकर आंध्र के CM चंद्रबाबू नायडू ने किया यह वादा
लोकेश के सुर में सुर मिलाते हुए बीसी कल्याण मंत्री एस. सविता ने प्रशांति रेड्डी के खिलाफ प्रसन्न कुमार रेड्डी की कथित अपमानजनक टिप्पणियों की निंदा की और महिलाओं के प्रति वाईएसआरसीपी के रवैए पर सवाल उठाया। उन्होंने बताया कि प्रसन्न कुमार रेड्डी, प्रभाकर रेड्डी और प्रशांति रेड्डी कभी एक ही पार्टी वाईएसआरसीपी में थे।
उन्होंने आश्चर्य जताया कि विपक्षी पार्टी के नेता एक महिला को कथित रूप से गाली देकर समाज को क्या संदेश दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि आंध्रप्रदेश के लोग की प्रसन्न कुमार रेड्डी की टिप्पणियां सुन रहे हैं। उन्हें तुरंत प्रशांति रेड्डी से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।(भाषा)