दिल्ली के बुराड़ी में गैंगवार, महिला समेत तीन की मौत

सोमवार, 18 जून 2018 (16:54 IST)
नई दिल्ली। दिल्ली में बुराड़ी के संत नगर में टिल्लू और गोगी गैंग के बीच सोमवार को ताबड़तोड़ गोलीबारी में एक महिला सहित तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि बुराड़ी में स्कॉर्पियो सवार कुछ लोगों ने सरेआम ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई है तथा पांच अन्य लोग घायल हो गए हैं।


सूत्रों ने बताया कि टिल्लू गिरोह का एक सदस्य मारा गया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने जिम से निकले दो युवकों को निशाना बनाया था। उनके ऊपर फायरिंग की। गोलियां पास से गुजर रहीं एक महिला एवं एक अन्य शख्स को भी लगीं। सभी को अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गौरतलब है कि गोगी नाम का बदमाश अलीपुर का रहने वाला है। उसके ऊपर कई मामले दर्ज हैं और इन दिनों वह फरार चल रहा है। दूसरा गिरोह टिल्लू ताजपुरिया का है जो दिल्ली के ताजपुर गांव का है। वह फिलहाल जेल में है। टिल्लू पर भी हत्या लूट उगाही के 10 से अधिक मामले दर्ज हैं। दोनों गिरोह के बीच इससे पहले कई बार गैंगवार हो चुकी है। (वार्ता)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी