बर्बरता, एकतरफा प्यार में लड़की को जिंदा जलाया, कर दिया था शादी से इंकार

शुक्रवार, 7 अक्टूबर 2022 (12:22 IST)
दुमका (बिहार)। बिहार के दुमका से एक लोमहर्षक समाचार सामने आया है। इसमें एकतरफा प्रेम में पेट्रोल डालकर लड़की को जिंदा जलाने की कोशिश की गई है। एकतरफा प्यार में आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया है। आरोपी राजेश राउत लड़की से शादी करना चाहता था जबकि राजेश पहले से शादीशुदा है। लड़की के शादी से इंकार करने पर राजेश ने उसे जिंदा जलाने की धमकी भी दी थी।
 
मामला जरमुंडी थाना क्षेत्र के भालकी भरतपुर गांव का है। गुरुवार की रात आरोपी राजेश राउत ने लड़की के घर में घुसकर उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। 19 साल की मारुति कुमारी बुरी तरह से जल गई है। प्राथमिक इलाज के बाद उसे रांची के रिम्स रेफर किया गया है। राजेश राउत को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
 
डॉक्टरों के मुताबिक 90% फीसदी जलने की वजह से मारुति की हालत बेहद गंभीर है। मारुति ने अधिकारियों के सामने दिए बयान में बताया कि गुरुवार रात राजेश राउत दरवाजे की कुंडी तोड़कर अंदर घुसा और पेट्रोल डालकर आग लगा दी। शरीर में आग लगते ही जब वह उठी तो उसने राजेश को घर से निकलकर भागते देखा।
 
मारुति जामा थाना क्षेत्र के भैरवपुर गांव की है और बचपन से ही नानी के पास रहती है जबकि राजेश रामगढ़ थाना क्षेत्र के महेशपुर गांव का रहने वाला है।
 
Edited by: Ravindra Gupta

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी