मनीष सिंह बने अपर सचिव, इलैया राजा बने इंदौर के नए कलेक्टर

सोमवार, 7 नवंबर 2022 (22:25 IST)
भोपाल। प्रदेश सरकार ने चुनावों से पहले प्रशासनिक अधिकारियों की जमावट शुरू कर दी है। सरकार ने देर रात भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारियों के तबादला आदेश जारी किए। इंदौर कलेक्‍टर मनीष सिंह अपर सचिव बनाए गए हैं। जबलपुर कलेक्‍टर इलैया राजा अब इंदौर के नए कलेक्टर होंगे। खबरों के अनुसार भाजपा की कोर कमेटी की बैठक मंगलवार को होने वाली है। उससे पहले जिलों के कलेक्टरों के तबादले किए गए हैं।

राज्य सरकार ने सोमवार रात को 13 जिलों के कलेक्टर समेत 27 आईएएस अफसरों के तबादले किए हैँ। देर रात देवास, जबलपुर, इंदौर, उमरिया, सीधी, धार, सीहोर, नरसिंहपुर, बुरहानपुर, सिंगरोली, मुरैना, आगर-मालवा, कटनी के कलेक्टरों के तबादले किए गए।

इनमें इंदौर कलेक्टर मनीषसिंह को एमडी एकेवीएन बनाया गया है। इंदौर की कमान अब जबलपुर कलेक्टर इलैया राजा टी को सौंपी गई है। इलैया राजा टी के स्थान पर सौरभ कुमार सुमन को जबलपुर कलेक्टर बनाया गया है। सौरभ कुमार छिंदवाड़ा में कलेक्टर हैं।

मनीष सिंह को राज्य औद्योगिक विकास निगम और मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड का प्रबंध संचालक बनाया गया है।

मेट्रो प्रोजेक्ट के साथ-साथ प्रवासी भारतीय सम्मेलन और ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट की जिम्मेदारी भी मनीष सिंह को सौंपी गई है।

बुरहानपुर कलेक्टर प्रवीण सिंह को सीहोर भेजा गया है। सीहोर में अब तक चंद्रमोहन ठाकुर कलेक्टर थे, उन्हें प्रदूषण नियंत्रण बोड में बतौर सचिव पदस्थ किया है। देवास कलेक्टर चंद्रमौलि शुक्ला को हाउसिंग बोर्ड में कमिश्नर बनाया गया है।

तबादले के खिलाफ सड़कों पर उतर आए थे लोग : इंदौर की कमान संभालने वाले डॉ. इलैया राजा 2009 बैच के आईएएस हैं। तमिलनाडु से आने के बावजूद उनकी कार्यशैली दमदार बताई जाती है। डॉ. राजा ने वैटरनिटी की पढ़ाई पूरी की। फिर आईएएस की परीक्षा में चयनित हुए। 
 
भिंड में तो उनके तबादले के बाद लोग सड़कों पर उतर आए थे। उन्होंने कई नवाचार के काम भी किए। अतिक्रमण के खिलाफ और यातायात के कार्यों में वे काफी सक्रिय रहे हैं। डॉ. राजा को इसी वर्ष फरवरी में जबलपुर कलेक्टर बनाया गया थे। पहले वे जबलपुर के आसपास के जिले में रह चुके थे।

बुरहानपुर कलेक्टर प्रवीण सिंह अदायच को सीहोर कलेक्टर, सिंगरौली कलेक्टर राजीव रंजन मीना को राज्य खनिज निगम में प्रबंध संचालक, मुरैना कलेक्टर बक्की कार्तिकेयन को वित्त विभाग में उप सचिव, आगर मालवा कलेक्टर अवधेश शर्मा को नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग में अपर आयुक्त और संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कृष्णदेव त्रिपाठी को उमरिया कलेक्टर के रूप में पदस्थ किया गया है।
 
राज्य निर्वाचन आयोग के उप सचिव अरुण कुमार परमार को सिंगरौली कलेक्टर, कटनी कलेक्टर प्रियंक मिश्रा को धार कलेक्टर, वाणिज्यिक कर विभाग में उप सचिव कैलाश वानखेड़े को आगर-मालवा कलेक्टर और उज्जैन के अपर कलेक्टर अवि प्रसाद को कटनी कलेक्टर के रूप में स्थानांतरित किया गया है।
 
सागर संभाग में पदस्थ अपर आयुक्त शीतला पटले को छिंदवाड़ा कलेक्टर, सिंगरौली जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी साकेत मालवीय को देवास कलेक्टर, इंदौर स्मार्ट सिटी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ऋषभ गुप्ता को देवास कलेक्टर और भोपाल स्मार्ट सिटी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अंकित अस्थाना को मुरैना कलेक्टर पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी