Karnataka news in hindi : कर्नाटक में मानसून से पहले हुई बारिश ने 125 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। राज्य में बारिश की वजह से 71 लोगों की मौत हो गई, 702 पशुओं की जान चली गई और 2,068 घरों को भी नुकसान पहुंचा। इसके अलावा, 15378.32 हेक्टेयर फसलों को भी नुकसान हुआ है।
मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) ने एक बयान में कहा कि 2025 में मानसून पूर्व बारिश, पिछले 125 वर्षों में मानसून से पहले और मई महीने में दर्ज की गई सबसे अधिक वर्षा है। राज्य में मई माह में सामान्यत: 74 मिलीमीटर बारिश होती है, लेकिन इस बार यहां 219 मिलीमीटर बारिश हुई, जो सामान्य से 197 प्रतिशत अधिक है।
अप्रैल से अब तक राज्य में मानसून पूर्व भारी बारिश के कारण वर्षा जनित घटनाओं में 71 लोगों की जान चली गई है। अप्रैल से 31 मई की अवधि के दौरान, बिजली गिरने से 48, पेड़ गिरने से 9, घर गिरने से 5, डूबने से 4, भूस्खलन से 4 और बिजली का झटका लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतकों के आश्रितों को 5 लाख रुपये का आपातकालीन मुआवजा वितरित किया गया है।